ताज़ा खबर
Home / देश / पीएम मोदी ने लाल किले से सुदर्शन चक्र, सेमीकंडक्टर, समृद्ध भारत, जीएसटी रिफॉर्म, डेमोग्राफी मिशन और ऑपरेशन सिंदूर पर कही बड़ी बात

पीएम मोदी ने लाल किले से सुदर्शन चक्र, सेमीकंडक्टर, समृद्ध भारत, जीएसटी रिफॉर्म, डेमोग्राफी मिशन और ऑपरेशन सिंदूर पर कही बड़ी बात

देश आज गर्व के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराया। वह देश को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर लगातार संबोधन करने के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस बार समारोह की थीम ‘नया भारत’ है, जिसमें सेना के शौर्य और देश के विजन पर है।

सुदर्शन चक्र मिशन: दुश्मन के हमलों का सटीक जवाब

मोदी ने कहा कि महाभारत में सुदर्शन चक्र की तरह यह मिशन भी पूरी तरह सटीक और टारगेटेड होगा। यह दुश्मन के हमलों को विफल करेगा। उनको हिटबैक भी करेगा। मिशन का पूरा अनुसंधान और विकास भारत में होगा। इसमें देश के नागरिकों का योगदान रहेगा।

2035 तक सुरक्षा कवच का संकल्प

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि आने वाले दस सालों में, यानी 2035 तक, देश को एक मजबूत तकनीकी सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समृद्धि कितनी भी हो, सुरक्षा के बिना कुछ भी नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान के ड्रोन हमलों का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत की टेक्नोलॉजी ने उन्हें तिनके की तरह बिखेर दिया।

घुसपैठ पर सख्त रुख

मोदी ने घुसपैठियों को देश के युवाओं की रोजी-रोटी और सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि यह लोग महिलाओं को निशाना बना रहे हैं और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। इसके खिलाफ हाईपावर्ड डेमोग्राफी मिशन शुरू किया गया है, जो इस चुनौती से सख्ती से निपटेगा।

नक्सलवाद में भारी गिरावट

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय 125 से ज्यादा जिलों में फैला नक्सलवाद अब केवल 20 जिलों में सिमट गया है। पहले जहां बस्तर में बम और गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, आज वहां के युवा ओलंपिक खेल रहे हैं। रेड कॉरिडोर अब ग्रीन कॉरिडोर में बदल चुका है।

आदिवासी समुदाय को श्रद्धांजलि

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर मोदी ने कहा कि आदिवासी समुदाय के जीवन की रक्षा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत न केवल आर्थिक, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अजेय बनेगा।

पीएम मोदी का ऐलान- दिवाली पर मिलेगा डबल तोहफा

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है, जिसका उद्देश्य हर तरह के सुधार को आगे बढ़ाना है। उन्होंने घोषणा की कि इस दिवाली देशवासियों को ‘डबल तोहफा’ मिलेगा।
  • पीएम मोदी ने कहा कि समय की मांग है कि जीएसटी दरों की समीक्षा की जाए और सरकार नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म ला रही है। इसके तहत आम लोगों के लिए टैक्स कम किया जाएगा और जीएसटी की दरों में भारी कमी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और जनता को सीधा लाभ पहुंचाएगा।

पीएम मोदी बोले- अपनी लकीर लंबी करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें किसी की लकीर छोटी करने में अपनी ऊर्जा नहीं गंवानी चाहिए। अपनी लकीर लंबी करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम अपनी लकीर लंबी करेंगे तो दुनिया भी हमारा लोहा मानेगी। मौजूदा वैश्विक प्रतिस्पर्धा और बढ़ते आर्थिक स्वार्थ के दौर में रोने के बजाय हिम्मत के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।

पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि सही रास्ता चुनने पर कोई स्वार्थ हमें अपने चंगुल में नहीं फंसा सकता। उन्होंने बताया कि बीता दशक रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का रहा है, लेकिन अब हमें और नई ताकत के साथ जुटना होगा।

पीएम मोदी बोले- वोकल फॉर लोकल को भारतीयों का मंत्र बनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देशवासियों से आह्वान किया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को सभी भारतीयों का मंत्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं है, यह देशहित का विषय है। पीएम ने अपील की कि भारत के लोगों के पसीने और मेहनत से बने उत्पाद ही खरीदे जाएं। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में हमारे लोगों की मेहनत की महक होती है और अगर सभी भारतीय इन्हें अपनाएं तो देश तेजी से बदल सकता है।

युवाओं को दिया नवाचार का संदेश

  • पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि अपने आइडियाज को कभी मरने न दें। उन्होंने वादा किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और आवश्यक नियमों में बदलाव करने को तैयार है। खासतौर पर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में काम करने वाले युवाओं को उन्होंने आगे आने का निमंत्रण दिया।
  • मोदी ने कहा कि जब सरकार और जनता साथ हों, तो नया इतिहास रचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नेशनल मैन्युफैक्चरिंग मिशन पर तेजी से काम हो रहा है, जो भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत उत्पादन केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम है।

naidunia_image

मोदी बोले- मेरा देश अब खिलौने एक्सपोर्ट कर रहा

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप्स ने देश में अद्भुत काम किया है और उनके प्रोडक्ट्स अब दुनिया के बाजारों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मन की बात कार्यक्रम में खिलौनों का जिक्र करने के बाद आज भारत खिलौनों का निर्यात करने लगा है।
  • पीएम ने कहा कि अगर देश के लोगों को सभी रुकावटों से मुक्ति मिले तो वे बड़े काम कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपने आइडियाज को कभी मरने न दें, क्योंकि यही आने वाली पीढ़ियों को दिशा देंगे। उन्होंने वादा किया कि सरकार नियमों में बदलाव करने को तैयार है, जिससे 2047 तक भारत नए इतिहास के निर्माण की दिशा में बढ़ सके।

स्टार्टअप्स और इनोवेशन में भारत की मजबूती

  • पीएम मोदी ने कहा कि देश में लाखों स्टार्टअप्स इनोवेशन को नई ताकत दे रहे हैं। कोविड-19 के समय जब भारत कई चीजों के लिए विदेशों पर निर्भर था, तब देश के युवाओं ने कई आवश्यक वस्तुएं खुद बनाईं और यहां तक कि वैक्सीन भी तैयार की।
  • उन्होंने जोर दिया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर में जिन उपकरणों और संसाधनों की जरूरत है, वे भी देश में ही बनने चाहिए। मुद्रा योजना का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि इस योजना से करोड़ों युवा और बेटियां अपना कारोबार शुरू कर चुके हैं। दूसरों को भी आत्मनिर्भर बना रहे हैं। उन्होंने इसे भारत की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन की जरूरत पर जोर: पीएम मोदी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक के बल पर कई देश शिखर पर पहुंचे हैं और भारत को भी इस दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने बताया कि नेशनल डीप वाटर मिशन जल्द शुरू होगा, जिसमें समुद्र में गैस और तेल के भंडार तलाशे जाएंगे। स्पेस सेक्टर में ऑपरेशन गगनयान और अपने स्पेस सेंटर की तैयारी तेजी से चल रही है।
  • पीएम मोदी ने आह्वान किया कि भारत को अपना ‘मेड इन इंडिया’ फाइटर जेट इंजन बनाना चाहिए, जिससे लड़ाकू विमानों में पूर्ण आत्मनिर्भरता हासिल हो सके।

भारत का धन और संसाधन देश में ही रहें: पीएम मोदी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं और उद्योग जगत को आह्वान करते हुए कहा कि भारत को रिसर्च और पेटेंट के क्षेत्र में अपनी क्षमता और बढ़ानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से ‘बायो-3’ का मंत्र अपनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
  • मोदी ने कहा कि आज भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि डिजिटल लेनदेन में हम अग्रणी हैं। UPI के जरिए 50% ट्रांजैक्शंस भारत में हो रहे हैं, इसलिए देश का धन बाहर नहीं जाना चाहिए।
  • उन्होंने उद्योग जगत और प्राइवेट सेक्टर को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि फर्टिलाइजर्स के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता खत्म की जाए। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश को अपने ही फर्टिलाइजर उत्पादन को बढ़ाना होगा। भंडार भरने होंगे, जिससे किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिल सके। मोदी ने कहा कि यह केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का मामला है। उसके साथ ही राष्ट्रीय गर्व और सुरक्षा का विषय भी है।

naidunia_image

सोलर और क्लीन एनर्जी में भारत की बड़ी छलांग

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि बीते 11 वर्षों में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 30 गुना बढ़ी है। पेट्रोल-डीजल और गैस के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए देश हाइड्रोपावर के विस्तार हेतु नए डैम बना रहा है। ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश और न्यूक्लियर एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
  • वर्तमान में 10 रिएक्टर तेजी से काम कर रहे हैं और 2047 तक परमाणु ऊर्जा को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है। पीएम ने कहा कि इन कदमों से भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण, दोनों में अग्रणी बनेगा।

डिफेंस और टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर भारत की छलांग: पीएम मोदी

  • स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा क्षेत्र और तकनीकी प्रगति में आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की ताकत से भारतीय सेना बिना रुके अपने लक्ष्यों को पूरा कर रही है। डिफेंस में आत्मनिर्भर बनने के संकल्प के अब ठोस परिणाम दिखने लगे हैं।
  • पीएम मोदी ने 21वीं सदी को टेक्नोलॉजी-ड्रिवन बताते हुए कहा कि जिन देशों ने तकनीकी में महारत हासिल की, वे वैश्विक नेतृत्व तक पहुंचे। उन्होंने सेमीकंडक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि 50-60 साल पहले ही इस दिशा में सोच शुरू हुई थी, लेकिन तब फाइलें अटक गईं और प्रोजेक्ट ठप हो गए। सेमीकंडक्टर की भ्रूण हत्या कर दी गई। इस बीच कई देशों ने सेमीकंडक्टर में महारत हासिल कर वैश्विक बाजार पर राज किया।
  • मोदी ने कहा कि अब भारत उस बोझ से मुक्त होकर इस क्षेत्र में तेजी से काम कर रहा है। इसी साल के अंत तक “मेड इन इंडिया” चिप्स का उत्पादन शुरू हो जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक और रक्षा में आत्मनिर्भरता भारत को न केवल सुरक्षित बनाएगी बल्कि वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित भी करेगी।

आत्मनिर्भरता ही असली आजादी की कसौटी: पीएम मोदी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने अपना जीवन न्योछावर किया, उनके दिल में सिर्फ स्वाभिमान का भाव था। सदियों की गुलामी ने भारत को निर्धन और निर्भर बना दिया। दूसरों पर बढ़ती निर्भरता ने हमारी स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा किया। आजादी के बाद करोड़ों लोगों का पेट भरना एक चुनौती थी, जिसे हमारे किसानों ने अन्न के भंडार भरकर पूरा किया।
  • पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के आत्मसम्मान की असली कसौटी आत्मनिर्भरता है। जो देश दूसरों पर अधिक निर्भर होता है, उसकी स्वतंत्रता असुरक्षित हो जाती है। आत्मनिर्भरता सिर्फ आयात-निर्यात का विषय नहीं है। यह हमारे सामर्थ्य की रक्षा से जुड़ा है। निर्भरता की आदत सामर्थ्य को कमजोर कर देती है।
  • उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में आत्मनिर्भर भारत की ताकत स्पष्ट दिखी। दुश्मन को यह तक पता नहीं चला कि कौन से हथियार उनके विनाश का कारण बने। मोदी ने कहा कि हमें अपने सामर्थ्य को बचाए, बढ़ाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने के लिए आत्मनिर्भर बनना ही होगा।

आतंक पर पीएम मोदी का सख्त संदेश

  • स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंक और उसे पनाह देने वालों पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत कई दशकों से आतंकवाद का सामना करता आया है, जिसने देश के सीने को छलनी कर दिया। अब हमने नया मानक तय किया है। आतंकियों और उनके पालकों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा।
  • पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत अब न्यूक्लियर ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेगा। दुश्मनों की धमकियों के बावजूद, सेना को समय, लक्ष्य और रणनीति तय करने की पूरी छूट दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी अगर ऐसी हरकतें जारी रहीं तो भारत मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने दृढ़ संकल्प दोहराया कि “खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे”।

सेना के जवानों ने रच दिया इतिहास- पीएम मोदी

  • स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस नरसंहार ने न सिर्फ देश बल्कि पूरे विश्व को चौंका दिया। उन्होंने बताया कि आतंकियों ने सीमा पार से आकर निर्दोष लोगों को धर्म पूछकर मौत के घाट उतारा, परिवारों के सामने कत्लेआम किया। यह घटना पूरे देश के लिए गहरे आक्रोश का कारण बनी।
  • पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है। 22 तारीख के बाद सेना को खुली छूट दी गई है। रणनीति, लक्ष्य और समय का चुनाव पूरी तरह सेना पर छोड़ा गया। हमारी वीर सेना ने सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती में घुसकर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। दशकों से जो संभव नहीं हो पाया था, उसे जवानों ने अंजाम देकर इतिहास रच दिया।
  • उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की नींद आज भी उड़ चुकी है और पूरी दुनिया भारतीय सेना के शौर्य की गवाह है। पीएम ने ऑपरेशन सिंदूर में शामिल सभी जवानों को सलामी दी और कहा कि यह नए भारत के साहस, संकल्प और सुरक्षा नीति का प्रतीक है।

धारा 370 हटने से हुआ एक देश-एक संविधान

  • पीएम ने कहा कि 1947 में अनंत संभावनाओं के साथ देश आजाद हुआ। देश के सामने आकांक्षाओं से ज्यादा चुनौतियां थीं। भारत का संविधान प्रकाश स्तंभ बनकर मार्ग दिखाता रहा है।
  • पीएम ने कहा कि संविधान में राजेंद्र प्रसाद, अंबेडकर, नेहरू, सर्वपल्ली राधाकृष्णन की भूमिका रही। हम आज श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहे हैं। उन्होंने भारत के संविधान के लिए जान दी थी। धारा 370 की दीवार गिराकर एक देश-एक संविधान के मंत्र को साकार किया।

पीएम बोले- आजादी का यह महापर्व 140 संकल्पों का पर्व

 

पीएम मोदी ने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों आजादी का यह महापर्व 140 संकल्पों का पर्व है। आजादी का ये पर्व हृदय उमंग से भरा हुआ है। देश एकता की भावना को मजबूती दे रहा है। 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हैं। हर घर तिरंगा है। भारत के हर कोने से एक ही गूंज है- हमारी प्राण से भी प्यारी मातृभूमि का जयगान है।

About jagatadmin

Check Also

सबकी बल्ले-बल्ले, लेकिन इन लोगों की जेब होगी ढीली, जानिए किन-किन चीजों पर लगेगा 40 फीसदी वाला ‘स्पेशल GST’

दिपावली से पहले बुधवार को जीएसटी का स्लैब कम कर केंद्र सरकार ने लोगों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *