ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में 10 की मौत, परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा

लखनऊ  सोमवार सुबह नवरात्रि के पहले दिन हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। वहीं घायलों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने हादसे में मृतकों के परिवार वालों को 4-4 लाख रुपये के आर्थिक मुआवजे का एलान किया है। वहीं घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि शहर से करीब 30 किमी दूर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर गई। ट्रैक्टर में करीब 50 लोग सवार थे। सभी एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

घटना सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। सीतापुर जिले के रहने वाले छुन्नन के बेटे का मुंडन संस्कार होना था। सोमवार को वह अपने रिश्तेदारों और परिचितों को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर इटौंजा के ऊनई देवी मंदिर पर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान वहां से तेज रफ्तार एक ट्रक गुजरा, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे।

हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को तालाब से निकाला गया। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 40 लोग अस्पताल में भर्ती है। हादसे की जानकारी होने पर आईजी लखनऊ रेंज लक्ष्मी सिंह भी मौके पर पहुंच गईं। कई टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में भाग लिया।

हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि DM और SSP तत्काल मौके पर पहुंचें। राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाए जाए। सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करें। साथ ही मामले में लापरवाही न बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post महादेव आईडी चलाने वाले सटोरियों पर बड़ी कार्रवाई
Next post आकाश गंगा दुर्गा पड़ाल दर्शकों के लिए भव्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा