रामेश्वरम, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु में समुद्र पर बने नए पंबन रेलवे ब्रिज का उद्घाटन किया। इससे पहले 1914 में बने पुराने रेलवे ब्रिज को सुरक्षा की दृष्टि से दिसंबर 2022 में बंद कर दिया गया था। आज एशिया के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज के शुरू होने से मंडपम से आगे की रेल कनेक्टिविटी फिर से शुरू हो गई, जो रामेश्वरम और धनुषकोडी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहद फायदेमंद होगी।






‘तमिल में हस्ताक्षर करें नेता’
इस मौके पर तमिलनाडु में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें बड़ी हैरानी होती है जब तमिलनाडु के कुछ नेता उन्हें पत्र लिखते हैं और तमिल में हस्ताक्षर नहीं करते। वे चाहते हैं कि नेता तमिल में हस्ताक्षर करें, जो सभी के लिए गौरव की बात होगी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
सीएम स्टालिन पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने अपने एक घंटे 50 मिनट के भाषण में, बिना नाम लिए, स्टालिन के राज्य को पर्याप्त धन न देने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोगों को बिना कारण रोने की आदत होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में राज्य के विकास के लिए पिछली सरकार की तुलना में तीन गुना अधिक धन आवंटित किया है
‘तमिलनाडु में सबसे ज्यादा जनऔषधि केंद्र’
उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु में 1400 से अधिक जनऔषधि केंद्र हैं, जहां 80 प्रतिशत छूट पर दवाएं मिलती हैं, जिससे लोगों के 7 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि अब नौजवानों को डॉक्टर बनने के लिए विदेश नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि बीते सालों में तमिलनाडु को 11 नए मेडिकल कॉलेज मिले हैं।
उन्होंने तमिलनाडु सरकार से कहा कि तमिल भाषा में मेडिकल कोर्स शुरू करें, ताकि अंग्रेजी न जानने वाले गरीब परिवारों के बच्चे भी डॉक्टर बन सकें। इस दौरान उन्होंने 8 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शुभारंभ भी किया।
