ताज़ा खबर
Home / देश / कोरोना ने छीना फ्लाइंग सिख,91 साल की उम्र में चंडीगढ़ में ली आखिरी सांस

कोरोना ने छीना फ्लाइंग सिख,91 साल की उम्र में चंडीगढ़ में ली आखिरी सांस

कोरोना संक्रमित होने के बाद करीब एक महीने से जूझ रहे पूर्व ओलंपियन पद्मश्री मिल्खा सिंह (91) का  पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। फ्लाइंग सिख के नाम से दुनिया भर मे मशहूर मिल्खा सिंह 19 मई को कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद फोर्टिस मोहाली में भर्ती रहे। बाद में परिजनों के आग्रह पर अस्पताल में छुट्टी लेकर सेक्टर-8 स्थित आवास पर ही इलाज करा रहे थे। तीन जून को हालत बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन संक्रमण के कारण वह बेहद कमजोर हो गए थे। उनकी तबीयत गंभीर हो गई। बुखार के साथ उनका ऑक्सीजन स्तर नीचे गिरने लगा। पीजीआई के डॉक्टरों की सीनियर टीम उन पर नजर बनाए हुए थी, लेकिन देर रात उनकी हालत बिगड़ गई और रात 11.40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के साथ भारतीय खेल के एक युग का अंत हो गया। इस दुखद सूचना से देश और दुनिया के खेल प्रेमियों में शोक की लहर फैल गई।

पांच दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत
मिल्खा सिंह के साथ उनकी पत्नी निर्मल कौर भी कोरोना संक्रमित हो गईं थीं। हालत गंभीर होने पर उन्हें मोहाली के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उनकी भी हालत कई दिनों तक स्थिर बनी हुई थी, लेकिन 13 जून की शाम को उनका निधन हो गया। मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी के बीच काफी जुड़ाव था।

पत्नी की मौत के बाद परिजनों को लगने लगा था कि वे ज्यादा दिन तक जी नहीं पाएंगे, इसलिए पत्नी के निधन की खबर मिल्खा सिंह से छिपाकर रखी गई थी। परिजनों ने बताया कि दो दिन से मिल्खा सिंह पत्नी निम्मी से बात करने की जिद कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके सपने में निम्मी आ रही हैं और वे इस दुनिया चलीं गईं हैं। बता दें कि निर्मल कौर भारतीय वॉलीबाल टीम की पूर्व कप्तान थीं। साथ ही वह चंडीगढ़ के खेल निदेशक के पद पर भी रही थीं। मिल्खा सिंह के पीजीआई में भर्ती होने और सेहत खराब होने की खबर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हाल पूछा था। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की थी। प्रधानमंत्री ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा था कि अभी खिलाड़ियों को आपके मार्गदर्शन की जरूरत है। आप जल्द स्वस्थ होकर टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं। बता दें कि मिल्खा सिंह के परिवार में उनकी तीन बेटियां व एक बेटा जीव मिल्खा सिंह हैं। जीव अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्फर हैं।

मिल्खा सिंह के निधन से आहत…नहीं पता था आखिरी बातचीत है: मोदी
महान धावक मिल्खा सिंह के निधन की खबर से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। निधन के कुछ ही मिनट बाद मिल्खा सिंह को याद करने वालों व उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों की सुनामी आ गई। कुछ ही मिनट में मिल्खा सिंह ट्रेंड करने लगे। लाखों लोगों ने एक साथ ट्वीट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, खिलाड़ी, अभिनेता से लेकर हर वर्ग के लोगों ने मिल्खा सिंह को श्रद्धाजंलि दी।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमने एक बेहद महान खिलाड़ी को खो दिया। देश के नागरिकों के दिलों में मिल्खा सिंह बसते थे, उन्होंने देश के लाखों लोगों को अपनी व्यक्तित्व से प्रेरित किया है। उनके निधन से मैं बहुत आहत हुआ हूं। पीएम ने लिखा कि उन्होंने कुछ ही दिनों पहले मिल्खा सिंह से बात की थी, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वे आखिरी बार उनसे बात कर रहे हैं।  बता दें कि पीएम ने मिल्खा सिंह के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की थी। उन्होंने कहा था कि ओलंपिक जाने वाली टीम को आपके आशीर्वाद की जरूरत है। शुक्रवार देर रात पीएम ने इस महान व्यक्तित्व के निधन की खबर पर शोक जताया और परिवार को इस मुश्किल वक्त में हिम्मत बनाए रखने की बात कही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा कि मिल्खा सिंह ने विश्व एथलेटिक्स पर एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उन्हें हमेशा भारतीय खेलों के सबसे चमकीले सितारों में से एक के रूप में याद रखेगा।

 

 

 

About jagatadmin

Check Also

कोर्ट में शादी के बाद, दूल्हा-दुल्हन को मायके में छोड़कर हुआ फरा दुल्हन पहुंच गई थाने

फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसे जानकर आपके …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *