रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने आनलाइन सट्टा खिलाने वाले महादेव एप के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर में संचालित महादेव एप की दो ब्रांच का राजफाश किया है।
महादेव एप की नागपुर में संचालित इन दोनों शाखाओं में आनलाइन सट्टा खिलाते हुए 14 खाईवालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 33 मोबाइल, दो लैपटाप समेत करोड़ों की सट्टापट्टी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में रायपुर, बालोद और भिलाई के रहने वाले हैं। पुलिस आज शाम तक पूरे मामले का राजफाश करेगी।
तीन थाना क्षेत्रों से 15 गिरफ्तार, सीए निकला मास्टरमाइंड
इससे पहले भी महादेव और रेड्डी अन्ना आनलाइन बैटिंग एप से सट्टा खिलाने वाले आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीए इसका मास्टर माइंड निकला। उसके साथ आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से साढे 14 लाख रुपये नकद, 21 नग मोबाइल फोन, पांच नग पासबुक, 12 नग एटीएम कार्ड, 12 नग चेक बुक, तीन नग लैपटाप, दो कम्प्यूटर सिस्टम एवं तीन डायरी जब्त की गई है।
आरोपितों के खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया। रायपुर की खमतराई थाना पुलिस ने आठ, गुढि़यारी से पांच और तेलीबांधा से दो आरोपितों को पकड़ा गया है। शनिवार को एसएसपी प्रशांत अग्रवाल और एएसपी अभिषेक माहेश्वरी ने पूरे मामले का राजफाश किया।
उन्होंने बताया कि इसमें बैंक वालों से भी पूछताछ की जाएगी। जितने नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रार्थी अरुण जाल ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह त्रिमूर्ति नगर रायपुर में रहता है। वेल्डिंग का काम करता है। प्रार्थी की पत्नी संगीता जाल रजत अग्रवाल के घर में विगत एक वर्ष पूर्व काम करती थी। जिसके कारण प्रार्थी की पहचान रजत अग्रवाल से हुई थी।
प्रार्थी उस पर विश्वास कर उसके बताए अनुसार अपना पेन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो दिया। रजत अग्रवाल एचडीएफसी बैंक देवेंद्र नगर में प्रार्थी का बैंक खाता खुलवाया। उसकी पत्नी संगीता जाल का भी खाता खुलवाया। पासबुक, एटीएम कार्ड अपने पास रखा और खातों में मोबाइल नंबर भी रजत अग्रवाल ने डलवाया, किसका नंबर डलवाया इस संबंध में प्रार्थी को कुछ नहीं बताया।
कुछ दिन बाद रजत ने प्रार्थी को उसके बैंक खाता बंद होने की जानकारी दी। जिस पर प्रार्थी एचडीएफसी बैंक देवेंद्र नगर शाखा जाकर पता किया तो बैंक मैनेजर ने उसके खाते में अत्यधिक पैसों का ट्रांजेक्शन होने से बंद करना बताया गया।
रजत अग्रवाल से उक्त बैंक खातों में हुए ट्रांजेक्शन के बारे मे पूछा तो रजत अग्रवाल द्वारा टाल-मटोल किया जाने लगा। प्रार्थी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपित रजत अग्रवाल द्वारा अपने साथी हिमांशु सिंह, मन्टु मांझी, मदन कुमार यादव, मो. उमैर, मोहित टांक, सीए फरहान एवं उपेन्द्र दास के साथ मिलकर उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।