भिलाई जिले में 20 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में फरार भाजयुमो के जिला मंत्री लोकेश पाण्डेय के खिलाफ निगम ने कार्रवाई की है। निगम अमले ने रामनगर रोड स्थित उसकी फ्लैक्स प्रिंटिंग की तीन दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को तोड़ दिया है।
पुलिस के मुताबिक लोकेश पाण्डेय और उसके साथियों पर सांई नगर निवासी रंजीत सिंह नाम के लड़के की हत्या का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुल 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसमें 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं भाजयुमो नेता लोकेश पाण्डेय व अन्य आरोपी फरार हैं।
इस बारे में छावनी सीएसपी केडी पटेल का कहना है कि उनके द्वारा यह कार्रवाई नहीं की गई है। भाजयुमो नेता ने अतिक्रमण करके सड़क तक अपनी दुकानों को बढ़ाया था। इसके चलते भिलाई नगर निगम प्रशासन ने तोड़फोड़ की कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। इसलिए पुलिस बल वहां तैनात किया गया था।
पुलिस के मुताबिक हत्या के मामले में कुल 8 लोगों के नाम एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले के मुख्य आरोपी भाजयुमो नेता लोकेश पाण्डेय और निखिल उर्फ चिंटू अभी भी फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है।