शिक्षकों की सीधी भर्ती के बाद पोस्टिंग के मामले में दलाली कर रहे दो शिक्षकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने भी अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है।
इधर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में हुई शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति, पदोन्नति की जांच भी शुरू हो गई है। संयुक्त संचालक कार्यालय से संभाग के सभी जिले से अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षकों की जानकारी मांगी गई है।
जिले के सभी नोडल अधिकारी संयुक्त संचालक कार्यालय पहंुचे। यहां सभी नोडल अधिकारियों को फार्मेट में जानकारी देनी है। फार्मेट में शिक्षक का नाम, पदस्थापना, क्वालिफिकेशन, कहां से आए हैं, सहमति पत्र के साथ जानकारी देनी है।
अब नोडल अधिकारियों द्वारा शिक्षकों से जानकारी मांगी जा रही है। इधर नोडल अधिकारियों का कहना है कि जिन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हुई है, उनका आदेश शासन के अधिकारियों के हस्ताक्षर से ही निकला है।
शिक्षक सीधी भर्ती मामले में आरोपी शिक्षक नंदकुमार साहू और दयालबंद संकुल प्रभारी योगेश पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने को दोनों आरोपी शिक्षकों ने कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम बताए हैं।
पुलिस ने अभी तक संयुक्त संचालक कार्यालय के क्लर्क सोम बाबू को पकड़ नहीं पाई है। 9 फरवरी तक क्लर्क सोम छुट्टी पर था, पर इसके बाद भी उसने ज्वाॅइन नहीं किया है। इसी क्लर्क के कंप्यूटर से शिक्षकों की सूची और आदेश निकलते थे। पुलिस अभी तक कंप्यूटर भी नहीं खुलवा पाई है।