



बिलासपुर: प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ BJP महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बिलासपुर पहुंच गई हैं। छत्तीसगढ़ भवन में पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रही हैं। कुछ ही देर में महतारी हुंकार रैली में शामिल होंगे। पटेल ग्राउंड से रैली की शुरुआत करेंगी और फिर नेहरु चौक में सभा को संबोधित करेंगी। रैली का स्वागत करने गांधी चौक से लेकर जगह-जगह पंडाल बनाया गया है।
महतारी हुंकार रैली हुई शुरू
प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में महतारी हुंकार रैली शुरू हो गई है। जगमल चौक के पटेल ग्राउंड से शुरू हुई महतारी हुंकार रैली गांधी चौक, गोल बाजार, सदर बाजार होते हुए नेहरू चौक पहुंचेगी। गांधी चौक से स्मृति ईरानी महतारी हुंकार रैली में शामिल होंगी। केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह समेत प्रदेश के सभी बड़े नेता होंगे शामिल..
भाजपा महतारी हुंकार रैली के बहाने 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी यहां संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करने के बाद वे सीधे पटेल ग्राउंड पहुंचेगी, जहां से रैली की शुरुआत होगी। यहां भी उनके जोरदार स्वागत की तैयारी है।
कांग्रेस ने महंगाई, रेल बंदी सहित केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को काला झंडा दिखाने पहुंचे। जिन्हें पुलिसकर्मियों हिरासत में ले लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता तिफरा के पास एकत्रित हुए। उन्हें रोकने के लिए पुलिस जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्मृति ईरानी से सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा, जब खाद्य तेल, सरसों के तेल की कीमत, शक्कर, आटा, दालों की कीमत आज की अपेक्षा आधी थी तब स्मृति को महंगाई अधिक लग रही थी।
- आज देश में महंगाई बेतहाशा बढ़ गई है स्मृति क्यों चुप हैं? पूर्ववर्ती सरकार में जब झलियामारी जैसी घटनाओं में बच्चियों से दुराचार हो रहा था तत्कालीन सरकार एफआईआर भी नहीं दर्ज कर रही थी तब स्मृति क्यों मौन थीं?
- रमन राज में जब छत्तीसगढ़ से 27 हजार से अधिक महिलाएं लापता थी तब स्मृति कहां थीं?
- जब प्रदेश में हर दिन एक दुराचार की घटना होती थी, और तीसरे दिन सामूहिक दुराचार की घटना होती थी तब स्मृति कहां थीं?
- हिड़मा मड़कम, मीना खल्को के साथ हुई दरिंदगी पर आप क्यों चुप थीं?
- मोदी सरकार के गलत नीतियों के चलते देशभर में 1 करोड़ 50 लाख महिलाओं के हाथ से रोजगार छीना गया है, उन हाथों को रोजगार दिलाने स्मृति ईरानी क्या प्रयास किया?
- गुजरात में भाजपा सरकार ने सजायाफ्ता 11 रेप के आरोपियों को जेल से रिहा किया है, स्मृति ईरानी उस दौरान मौन क्यों थी?
- कठुआ उन्नाव में आपकी संवेदना कहां मर गई थी?
- मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शराबबंदी के लिए आंदोलन कर रही हैं, क्या स्मृति ईरानी उमा भारती के समर्थन में आंदोलन में शामिल होंगी?