


पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया है। गोरखपुर में 14.2 किलोग्राम के नॉन सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत फिर ₹25 बढ़ी है। गोरखपुर में नॉन सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर अब 947 का हो गया है। 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्यिक सिलेंडर 68 बढ़कर अब 1840 रुपये में मिलेंगे।


पांच किलोग्राम के सिलेंडर में ₹19 की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सिलेंडर 347.50 में मिलेंगे। 17 अगस्त को पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। तब घरेलू गैस की कीमत में 25 की वृद्धि की गई थी। इसके बाद कीमतें ₹922 हो गई थी। मंगलवार रात 12:00 बजे से नई कीमतें लागू हो गई हैं।
रसोई गैस की कीमतों में लगातार इजाफा होने के बाद भी सब्सिडी नहीं बढ़ रही है। पेट्रोलियम कंपनियां 14.2 किलोग्राम के नॉन सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर पर 59.05 ही सब्सिडी दे रही हैं। यह सब्सिडी तब से मिल रही है जब सिलेंडर की कीमतें तकरीबन 550 रुपये थीं।रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर इजाफा होने से गृहणियों ने नाराजगी जताई है।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पास रहने वाली नीलम ने कहा कि रसोई गैस हर घर की आवश्यकता है। सरकार को कम से कम इसकी कीमतों पर नियंत्रण रखना चाहिए। पेट्रोलियम कंपनियों के हाथों रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों को नहीं छोड़ना चाहिए।
बशारतपुर की शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले साल से रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। अभी 17 अगस्त को ही कीमतें बढ़ी थीं कि फिर कीमतें बढ़ गईं। कम से कम रसोई गैस की कीमतें तो कम ही होनी चाहिए। यदि कीमतें बढ़ानी जरूरी हैं तो सब्सिडी भी बढ़ानी चाहिए।