इधर, मरवाही पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसा है, वैसा ही है। यह न डोलेगा, न अड़ेगा। हर समर्थक चाहता है कि उसके नेता का सम्मान हो।

उसे पुष्प हार मिलें। कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने नई ऊर्जा के साथ अपने नेता का स्वागत किया तो इसमें बुरा क्या है। पीसीसी हमेशा पालक की भूमिका में होता है। सबको समान दृष्टि से देखता है। हम भी पालक की भूमिका निभा रहे हैं। हमारी नजर में हर नेता बराबर है। कोई छोटा या बड़ा नहीं है।

दिल्ली पहुंचे मंत्रियों और विधायकों ने अपनी-अपनी कहानी सुनाई है। मंत्री अमरजीत भगत आदिवासी कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हैं। मंत्री ताम्रध्वज साहू का दिल्ली में इलाज चल रहा है। विधायक विकास उपाध्याय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव हैं। ऐसे में एक बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली में डटे हुए हैं। मंत्री टीएस सिंहदेव को प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने दिल्ली में रुकने के लिए कहा था। वे गुरुवार को भोपाल आने वाले थे, लेकिन बदले घटनाक्रम में दिल्ली में ही रुक गए।