नेपाल के पूर्व डिप्टी पीएम गिरफ्तार, 1.35 अरब रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप, सरकार पर जमकर बरसे

काठमांडू: नेपाल में पुलिस ने पूर्व डिप्टी पीएम रबी लामिछाने को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहकारी समितियों से संबंधित धन की हेराफेरी के मामले में शुक्रवार शाम उनकी गिरफ्तारी हुई है। वह राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो की तैनात एक पुलिस टीम ने काठमांडू के वनस्थली में उनकी पार्टी के मुख्य कार्यालय से उन्हें गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए उन्हें पोखरा ले जाया जा रहा है क्योंकि मामला कास्की जिला पुलिस ने दर्ज किया था।

इससे पहले, कास्की जिला न्यायालय ने सूर्यदर्शन सहकारी निधि गबन मामले में पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। संसदीय जांच समिति ने पाया था कि सूर्यदर्शन सहकारी समितियों से संबंधित 1.35 अरब रुपये का दुरुपयोग किया गया। नेपाल पुलिस ने पुष्टि की कि सहकारी निधि के दुरुपयोग के संबंध में शुक्रवार को लामिछाने के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

सरकार पर बरसे

न्यायाधीश कृष्ण जंग शाह की अध्यक्षता वाली कास्की जिला अदालत की पीठ ने लामिछाने की गिरफ्तारी की अनुमति प्रदान कर दी। पीठ ने 13 अन्य के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद लामिछाने ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। इसके अलावा उन्होंने जांच की प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। लामिछाने ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भ्रष्ट नेताओं को संरक्षण दिया जाता है। जबकि उनके जैसे आम नागरिक भ्रष्टाचार के आरोप का सामना करते हैं।

गिरफ्तारी से पहले दिया भाषण

लामिछाने ने गिरफ्तारी से पहले अपनी पार्टी के बाहर समर्थकों को भाषण दिया। उन्होंने कहा, ‘अगर मैंने भी समझौता कर लिया होता तो मेरी यह हालत न होती। लेकिन हम किसी भी समझौते के पक्ष में नहीं थे। हम सभी कानूनी परिणामों का सामना करने को तैयार हैं।’ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘सरकार मर गई है और हम शोक में हैं। आपकी कलाई घड़ी की कीमत लाखों में है, जबकि मैं हथकड़ी पहनता हूं। आप बिचौलियों की सेवा करते हैं और तस्करों की ओर से उपहार में दिए गए महंगे चश्मे पहनते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post ‘भारत में इस्लामी निजाम लाने की कोशिश कर रहा PFI,’ ED ने कहा- जल्द छिड़ेगा गृह युद्ध; करोड़ों की संपत्ति भी की जब्त
Next post भिलाई यूथ सिख सेवा समिति के अध्यक्ष बने सरदार इंद्रजीत सिंह छोटू, छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसवीर सिंह चहल ने की घोषणा