लंदन में रविवार को टेम्स नदी के किनारे पहली बार गंगा आरती हुई। यह रोशनी और आभार व्यक्त करने का एक समारोह था, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।





चिन्मय मिशन यूके ने सालाना टोटली टेम्स फेस्टिवल के साथ मिलकर टेम्स पर गंगा आरती: रोशनी का समारोह आयोजित किया। यह कार्यक्रम संस्था के 75 साल पूरे होने के वैश्विक जश्न का हिस्सा था।
भारत में गंगा नदी के किनारे होने वाली विश्व-प्रसिद्ध आरती की भावना को दोहराते हुए लंदन में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रकृति, ज्ञान और चेतना के जीवन-दायिनी प्रवाह के प्रतीक के रूप में आयोजित किया गया था। चिन्मय मिशन यूके की रेजिडेंट टीचर ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने कहा, “पीढ़ियों से समुदाय गंगा के किनारे इकट्ठा होकर नदी, प्रकृति और जीवन को बनाए रखने वाली हर चीज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रोशनी अर्पित करते रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “टेम्स पर होने वाली गंगा आरती भी उसी भावना को आगे बढ़ाती है और लोगों को आभार, उम्मीद और एकता के साझा पल में एक साथ लाती है।” चैतन्य ने बताया कि चिन्मय मिशन के लिए गंगा नदी ज्ञान के प्रवाह का भी प्रतीक है।
