नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर महाराष्ट्र के करजत में 100 एकड़ में बनने वाले ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ की आधारशिला रखी। रिलायंस फाउंडेशन की इस पहल के तहत 5,000 से ज्यादा अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को आजीवन आश्रय देने की योजना है। यहां आवास, अस्पताल, शिक्षा, पुनर्वास, रोजगार और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।



नीता अंबानी ने रविवार को अपने जन्मदिन के मौके पर महाराष्ट्र के करजत में 100 एकड़ के केयर टाउनशिप की आधारशिला रखी। इस परियोजना का नाम ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ रखा गया है। इसे 5,000 से ज्यादा लोगों के लिए घर बनाने की योजना है। इनमें अनाथ बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग लोग शामिल होंगे।
मुंबई के पास हुए भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह में मुकेश अंबानी और अंबानी परिवार के सदस्य शामिल हुए। रिलायंस फाउंडेशन द्वारा स्थापित (Established) की जा रही इस टाउनशिप को कई चरणों में स्थायी और गैर-लाभकारी संस्थान (NPO) के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसकी योजना एक ऐसे कम्युनिटी के रूप में तैयार की गई है। यहां आवासीय घरों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं, स्कूल, पुनर्वास सुविधाएं (Rehabilitation Services), शिक्षा, रोजगार और मनोरंजन के अवसर उपलब्ध होंगे।
नीता अंबानी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट ‘दिव्यांग लोगों, घर की जरूरत वाले बच्चों, देखभाल और आराम की तलाश कर रहे बुजुर्गों के लिए एक प्यार भरा घर’ बनाने की दिशा में उठाया गया एक कदम है। उन्होंने बताया कि इस टाउनशिप में मेडिकल सुविधाओं के साथ पारिवारिक माहौल भी मिलेगा। यहां रहने वाले लोगों को सीखने, काम करने, दोस्त बनाने, त्योहारों और समारोहों में हिस्सा लेने के मौके मिलेंगे।
रिलायंस फाउंडेशन द्वारा बताई गई योजना के मुताबिक, इस टाउनशिप से करीब 15,000 लोगों को लाभ होगा। इनमें यहां रहने वाले लोगों के साथ देखभाल करने वाले कर्मचारी, डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और उनके परिवार भी शामिल होंगे।
इस टाउनशिप में 8 आवासीय गांव बनाए जाएंगे। हर गांव का नाम भारत की एक पवित्र नदी के नाम पर रखा जाएगा। यहां रहने वाले लोगों के लिए छोटे-छोटे घर बनाए जाएंगे, जहां उन्हें परिवार जैसा माहौल मिलेगा। उनकी देखभाल के लिए हाउस पैरेंट्स और केयरगिवर्स तैनात रहेंगे। हर व्यक्ति को अपने कमरे को अपनी पसंद के अनुसार सजाने और उसे अपना घर जैसा बनाने की सुविधा भी मिलेगी।
