हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल ने दुबई में महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव में शिरकत की, जहाँ उन्होंने भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डाला।



विदेश की धरती पर आयोजित इस समारोह के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और महाराजा अग्रसेन के विचारों को याद किया गया। हरियाणा मंत्रिमंडल में एकमात्र वैश्य मंत्री विपुल गोयल के दुबई पहुंचने पर अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पर उनकी अगुवानी की।
विपुल गोयल ने कहा कि विदेश में अपने समाज के लोगों से मिलने वाला स्नेह और सम्मान विशेष अनुभूति देता है। अग्रवाल समाज अपनी उद्यमशीलता, सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना और परोपकार के कार्यों के लिए जाना जाता है। विदेश में भी समाज के लोग भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
दुबई प्रवास के दौरान विपुल गोयल ने प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद के दो से तीन सत्र रखे। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन फाउंडेशन सिंगापुर के संस्थापक एवं चेयरमैन सोहनलाल जिंदल सहित अनेक प्रवासी भारतीय मौजूद रहे। बातचीत के दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विदेश में भारतीय समुदाय की भूमिका जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।
