GenZ यानी आज की पीढ़ी. जेनजी आज के जमाने की ताकत है. इसकी झलक पूरी दुनिया देख चुकी है. बांग्लादेश और नेपाल में तो जेनजी ने तख्तापलट करवा दिया था. उसी जेनजी को लेकर अब भारत में नैरेटिव गढ़े जा रहे हैं. नैरेटिव यह कि कि भारत का युवा यानी जेनजी सरकार से दूर हो रहा है. सरकार और सिस्टम से नाराज है. पीएम मोदी से खफा है. यहां भी जेनजी नेपाल और बांग्लादेश जैसी स्थिति देख रहे हैं. इन नैरेटिव से देश के दुश्मन हमारे जेनजी को उकसाने में लगे हैं. भारत के दुश्मन जेनजी के सहारे ख्वाब देख रहे हैं कि यहां भी नेपाल और बांग्लादेश जैसी स्थिति बनाई जा सकती है. मगर उनके ख्वाबों पर खुद जेनजी ने ही पानी फेर दिया है. जी हां, जिस जेनजी को भड़का कर देश के दुश्मन नेपाल-बांग्लादेश जैसा हाल होने का ख्वाब देख रहे हैं, वह जेनजी तो पीएम मोदी का जबरा फैन हो चुका है. अगर आपको यकीन नहीं तो जरा नीचे के डेटा पर गौर करें.





जी हां, दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी प्रोटेस्ट चल रहा है. नीट पेपर लीक के खिलाफ देश के अलग-अलग इलाकों में भी प्रदर्शन चल रहे हैं. इस बीच जेनजी को लेकर नैरेटिव भी खूब फैलाए जा रहे हैं. मगर अभी जो हकीकत सामने आई है, उसे देश के दुश्मन पचा नहीं पाएंगे. जिस जेनजी को वो भारत के खिलाफ भड़का रहे थे, वो तो खुद पीएम मोदी का फैन है. पिछले 24 घंटे में सोशल मीडिया पर जो तस्वीर सामने आई, उसने जेनजी वाले दावों को झटका दे दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो ने इंस्टाग्राम पर रिकॉर्ड तोड़ दिया है. पीएम मोदी के वीडियो को 24 घंटे के भीतर 30.6 करोड़ (306 मिलियन) से ज्यादा व्यूज मिले हैं. इतना ही नहीं, लाखों युवाओं ने वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और रातोंरात उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 10 लाख नए लोग भी जुड़ गए. इसके बाद खुद प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को खास तौर पर धन्यवाद कहा.
इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी का वीडियो
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में उन्होंने कहा, ‘थैंक्स फ्रेंड्स… कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला. मेरे वीडियो पर आपने जिस तरह प्रतिक्रियाएं दीं और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद. आपका यह प्यार बना रहेगा और हमारा नाता आगे भी ऐसे ही जुड़ा रहेगा.’ वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि वह खास तौर पर उन युवाओं का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने उनका वीडियो देखा और उस पर अपनी राय रखी.
