बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रायपुर में रात से शुरू हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के बीच मौसम विभाग ने 11 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।



बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का सीधा असर अब छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो शुक्रवार सुबह भी जारी रही। हवा में घुली ठंडक के कारण रात में कई इलाकों में लोग ठिठुरन से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर सहित राज्य के 11 जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना यह तूफान आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके शुक्रवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है। तट से टकराते समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जो झोंकों के साथ 110 किलोमीटर तक जा सकती है। इसी सिस्टम के कारण 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संकेत हैं।
मौसम विभाग ने जिन 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, उनमें रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। शुक्रवार को रायपुर में दिन भर बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें, तो दुर्ग में सबसे अधिक 30 से 31.8 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 से 7.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया, जिससे वहां कड़ाके की ठंड महसूस की गई। रायपुर में दिन का पारा सामान्य से 1.6 डिग्री कम यानी 28.4 डिग्री दर्ज हुआ।
