भिलाई नगर पालिका निगम






विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार, जिसमें रूपये 5.38 करोड़ की जल वितरण पाइपलाइन परियोजना की मूल नस्ती (फाइल) गुम होने तथा वित्तीय अनियमितता की आशंका व्यक्त की गई है, तथ्यात्मक रूप से भ्रामक एवं अपूर्ण जानकारी पर आधारित है।
इस संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि संबंधित कार्य ‘‘77 एमएलडी जलकार्य विभाग’’ द्वारा निविदा प्रक्रिया करायी गयी थी। पश्चात् उक्त परियोजना के अंतर्गत जोन कार्यालयों द्वारा जोन-01, जोन-02, जोन-03 एवं जोन-04 क्षेत्र में निर्मित नवीन उच्च जलाशयों (OHT) से जल वितरण हेतु पाइपलाइन विस्तार एवं नेटवर्क सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रस्तावित एवं निष्पादित किया जा रहा है।
निगम में प्रचलित कार्य प्रणाली के अनुसार ऐसे कार्यों की मूल नस्ती एवं अभिलेख संबंधित जोन कार्यालयों में कार्य निष्पादन एवं संधारण हेतु रखे जाते हैं। अतः मूल नस्ती के किसी अन्य शाखा अथवा कार्यालय में तत्काल उपलब्ध नहीं होने को ‘‘फाइल गुम होना’’ नहीं माना जा सकता।
वर्तमान में उक्त कार्य की मूल नस्ती सुरक्षित रूप से निगम अभिलेखों में उपलब्ध है तथा जोन-03 कार्यालय से मुख्य अभियंता कक्ष में परीक्षण एवं अवलोकन हेतु प्रस्तुत की गई है। अतः समाचार पत्रों में प्रकाशित ‘‘फाइल गुम होने’’ संबंधी समाचार पूर्णतः निराधार एवं भ्रामक है। यह भी स्पष्ट किया जाता है कि कार्य से संबंधित समस्त अभिलेख, निविदा दस्तावेज, कार्यादेश, मापन पुस्तिकाएँ, भुगतान अभिलेख एवं अन्य दस्तावेज निगम कार्यालय में उपलब्ध हैं तथा आवश्यकतानुसार सक्षम अधिकारियों द्वारा उनका परीक्षण किया जा सकता है।
नगर निगम भिलाई द्वारा कार्यों के निष्पादन एवं भुगतान की समस्त प्रक्रियाएँ नियमानुसार संपादित की जाती हैं। इसलिए केवल अभिलेख के एक स्थान से दूसरे स्थान पर परीक्षण हेतु उपलब्ध होने की स्थिति को वित्तीय अनियमितता अथवा अभिलेख गुम होने से जोड़ना उचित नहीं है।
अतः समाचार पत्रों में प्रकाशित मूल नस्ती के गुम होने संबंधी समाचार भ्रामक एवं तथ्यों से परे है। संबंधित नस्ती निगम कार्यालय में सुरक्षित उपलब्ध है तथा आवश्यकता अनुसार उसका अवलोकन नियमानुसार किया जा सकता है।
