दिनांक 15 जून 2026 को पुलिस लाइन दुर्ग स्थित सभागार में शौर्य चक्र से सम्मानित निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के सम्मान में नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।






कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट साहस, वीरता, नेतृत्व क्षमता एवं नक्सल विरोधी अभियानों में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों ने दोनों अधिकारियों के अनुभवों को सुना तथा उनके संघर्षपूर्ण एवं प्रेरणादायक सेवाकाल के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
शौर्य चक्र भारत का शांति काल में प्रदान किया जाने वाला तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। यह सम्मान उन सैन्य, अर्धसैनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा नागरिकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने असाधारण साहस, अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट पराक्रम का परिचय दिया हो। यह अलंकरण राष्ट्र के प्रति समर्पण, बहादुरी और सर्वोच्च सेवा भावना का प्रतीक माना जाता है।
निरीक्षक लक्ष्मण केवट का जन्म 01 जुलाई 1986 को मनेन्द्रगढ़ में हुआ। उन्होंने 12 अप्रैल 2007 को जिला सूरजपुर में आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की। अगस्त 2012 में उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत होकर जिला बीजापुर में पदस्थ हुए तथा नवंबर 2014 में निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्राप्त की।
उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 तक बीजापुर, वर्ष 2017 से 2022 तक राजनांदगांव तथा वर्ष 2022 से वर्तमान तक जिला कांकेर में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वे थाना प्रभारी पखांजूर के पद पर कार्यरत हैं।
नक्सल विरोधी अभियानों में उन्होंने 40 सफल मुठभेड़ों में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विभिन्न अभियानों में 97 नक्सलियों के शव बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक योगदान के लिए उन्हें 01 शौर्य चक्र, 06 पुलिस वीरता पदक, 01 केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, 03 सीआरपीएफ महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क, 01 बीएसएफ महानिदेशक कमेंडेशन रोल एवं 01 आउट ऑफ टर्न पूर्ण पदोन्नति से सम्मानित किया जा चुका है।

