25 हजार की रिश्वत लेते सूरजपुर जिले में घूसखोर पटवारी गिरफ्तार, नौकरी के लिए प्रतिवेदन के बदले मांगे थे पैसे

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर तहसील अंतर्गत दुरती हल्का में पदस्थ पटवारी सौरभ गोस्वामी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसईसीएल में अधिग्रहित जमीन के नामांतरण तथा नौकरी के लिए प्रतिवेदन देने के बदले आरोपित पटवारी ने रिश्वत ली थी। आरोपित के कब्जे से नकदी रकम के साथ ही उसकी क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मरहटा निवासी रूप सिंह ने एसीबी कार्यालय अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम सेंधोपारा स्थित उनकी एवं उनकी बहन के नाम की भूमि का अधिग्रहण एसईसीएल की महामाया कोयला खदान जरही द्वारा किया गया है।

उक्त भूमि के नामांतरण एवं नौकरी के लिए आवश्यक पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और आरोपित को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।

 

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने 22 अप्रैल 2025 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित योजना के तहत प्रार्थी से आरोपित पटवारी ने दुरती स्थित पटवारी कार्यालय में 25 हजार रुपये की रिश्वत ली और राशि को अपनी क्रेटा कार में रख दिया।

 

इसी दौरान पहले से तैनात एसीबी टीम ने आरोपित को रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने आरोपित के वाहन से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की और कार को भी जब्त कर लिया।

 

एसीबी द्वारा आरोपित पटवारी सौरभ गोस्वामी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित पटवारी की संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सतना में प्रेमिका को भगाने पहुंचे यूपी के युवक की जमकर पिटाई, खंभे से बांधकर किया हंगामा