



कोलगवां थाना क्षेत्र के आदर्श नगर नई बस्ती में सोमवार देर शाम उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवक अपनी प्रेमिका को लेकर भागने पहुंचा, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे खंभे से बांध दिया।


जानकारी के अनुसार पकड़ा गया युवक श्रवण कुमार, पिता जगदीश प्रसाद, निवासी जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) है, जो फिलहाल दिल्ली में रहकर काम करता है।
दोनों पहले भी एक बार घर से भाग चुके थे
बताया जा रहा है कि उसका आदर्श नगर की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों पहले भी एक बार घर से भाग चुके थे, लेकिन उस समय पुलिस ने युवती को वापस परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, पहले की घटना के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
दोनों ने फिर से भागने की कोशिश की
युवती लगातार युवक से बातचीत कर रही थी, जिसके चलते युवक दोबारा सतना पहुंचा। जैसे ही दोनों ने फिर से भागने की कोशिश की, परिजनों को इसकी भनक लग गई और मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया गया। युवक के पकड़े जाते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी।
युवक को रस्सी से खंभे में बांध दिया
इसके बाद युवक को रस्सी से खंभे में बांध दिया गया। घटना के दौरान क्षेत्र में काफी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से मुक्त कराकर थाने ले गई। पुलिस ने युवक और युवती के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की।
