इंदौर में सिरफिरे का आतंक : पेचकस से हमला कर कार लूटी, फिर गाड़ी दौड़ाते हुए अंदर बैठे बुजुर्ग दंपती का अंगूठा चबाया और मुक्के भी मारे

इंदौर एयरपोर्ट रोड पर मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात ने हिलाकर रख दिया। सिरफिरे बदमाश ने पहले ड्राइवर पर पेचकस से हमला कर (टैक्सी) कार हाईजैक की फिर उसमें बैठे बुजुर्ग दंपती (सवारी) को बंधक बना लिया। करीब आधे घंटे तक वह चलती कार में उनके साथ मारपीट करता रहा।

बुजुर्ग को पेचकस और मुक्के मारकर लहूलुहान कर डाला। करीब पांच किमी दूर अनियंत्रित कार एक खंभे से टकराई और बुजुर्ग दंपती उसके चंगुल से छूटे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की शुरुआत मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई है।

महालक्ष्मी नगर निवासी 66 वर्षीय अनिल शुक्ला (रिटायर बैंक अफसर) पत्नी रेखा शुक्ला के साथ टैक्सी (एमपी 09डीएच 2671) से जा रहे थे। अनिल एक शादी समारोह से दिल्ली से लौटे थे। ड्राइवर मोहित अवस्थी (लैक पैलेस कालोनी) सुपर कॉरिडोर चौराहा पहुंचा ही था कि एक अन्य टैक्सी चालक अमन पाल ने गाड़ी रोक ली।

 

अमन भी एयरपोर्ट से टैक्सी (एमपी 09टीबी 5769) चलाता है। उसके हाथ में पेचकस था। मोहित के कार रोकते ही अमन ने उसे मुक्के मारे और पेचकस से हमला कर खुद स्टियरिंग संभाल लिया। सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि बुजुर्ग दंपती को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

अमन ने कार पर कब्जा कर लिया और घुमाते हुए कार को गांधी नगर की ओर ले गया। उसने रास्ते में दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। पितृ पर्वत के पास अनिल शुक्ला ने बेटी को कॉल कर बताया कि उनकी कार हाईजैक हो गई और बदमाश ने उनका अपहरण कर लिया है। आरोपित ने हमला करना तेज कर दिया और मोबाइल छीन लिया।

 

कभी मुक्के मारे, पेचकस मारा और अंगूठे से आंखें फोड़ने लगा

बदमाश चलती कार में ही अनिल के साथ मारपीट कर रहा था। उसने चेहरे पर मुक्के मारे। पेचकस से भी हमला किया। यहां तक कि उसने अंगूठा घुसाकर आंख फोड़ने की कोशिश भी की। उन्हें पकड़ लिया और उंगली चबाता रहा। अनिल कार में लहूलुहान हो गए। बचने की गुहार लगाई और जान बचाने के लिए पर्स से रुपये और जेवर देने की भी पेशकश की, बावजूद आरोपित का हमला जारी रहा। उसने घड़ी छीन ली थी। कार हातोद की ओर बढ़ चुकी थी।

 

प्रतिरोध के बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पोल से टकरा गई। इसके बाद भी सिरफिरा पेचकस लेकर अनिल पर टूट पड़ा। अनिल के अनुसार कार फंस चुकी थी। उन्होंने स्थिति भांप ली और राहगीरों को आवाज लगाई।

 

वहां से गुजरने वालों से कहा यह हमें लूट रहा है। प्लीज हमारी मदद करो। बदमाश हमारी हत्या कर देगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग रुके गए। उन्होंने पेचकस छीनकर आरोपित को दबोच लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल अनिल शुक्ला का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

टीआई बोले- मेरे थाना क्षेत्र की घटना नहीं, दूसरे थाने जाओ

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पहुंच गई थी। टीआई अनिल यादव ने घटना स्थल हातोद (ग्रामीण) का बताया। घायल दंपती को पहले हातोद ले जाया गया। हातोद पुलिस ने घटना की जानकारी ली और कहा शुरुआत तो गांधी नगर थाना क्षेत्र से हुई है। इसके बाद भी टीआई अनिल यादव ने हातोद पुलिस को कॉल कर एक्सीडेंट की सामान्य कार्रवाई करने के लिए दबाव बनाया।

 

घटना की गंभीरता देख ग्रामीण क्षेत्र के अफसरों ने नगरीय सीमा के अफसरों से संपर्क किया। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद ही पुलिस हरकत में आई। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस रिस्पांस के दावों की पोल खोल दी है।

 

डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के अनुसार शुरुआती जानकारी एक्सीडेंट की ही मिली थी। घटनाक्रम हातोद थाना के समीप का ही बताया गया था। जैसे ही घटना की तस्दीक हुई कार्रवाई कर ली गई। एफआईआर में समय सवा 11 बजे का दर्ज है।

 

बस चालक को पकड़ना चाहता था सिरफिरा

आरोपित अमन की बाइक को बस चालक ने टक्कर मार दी थी। वह शराब के नशे में था। उसने बाइक खड़ी कर दी और बस चालक को पकड़ने के लिए लिफ्ट मांगी। मोहित ने लिफ्ट से इन्कार किया तो उसने धमका कर कार छीन ली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post संपत्तिकर भुगतान की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तक भिलाईनगर।
Next post लौट आए रसोई गैस के पुराने दिन.. सरकार ने सप्लाई और बुकिंग पर लिया बड़ा फैसला