सूर्यवंशी’ की दिवाली रिलीज तय, ‘इटर्नल्स’ को बॉक्स ऑफिस पर मिला नया जोड़ीदार

इस साल की दिवाली बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाके करने वाली है। निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को दिवाली पर रिलीज करने का एलान करके फिल्मों के शौकीन दर्शकों का मजा डबल कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि डिजनी ने दिवाली के मौके पर ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इटर्नल्स’ की भारत में रिलीज का एलान पहले से ही कर रखा है।  ‘सूर्यवंशी’ जहां रोहित शेट्टी के हिंदी सिनेमा में बनाए पुलिस यूनीवर्स का नया अध्याय लिखेगी,

वहीं ‘इटर्नल्स’ के जरिए मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में भी एक नए तरह के एवेंजर्स का अध्याय शुरू होने जा रहा है। मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स की फिल्मों ने अतीत में भी भारत में खूब कमाई की है और इस बार भी डिज्नी को उम्मीद है कि इस फिल्म को भारतीय दर्शक खूब पसंद करने वाले हैं। इसी के चलते ये फिल्म अंग्रेजी के अलावा पांच भारतीय भाषाओं में डब करके रिलीज की जा रही है।

सिनेमाघरों की रौनक अब तक हॉलीवुड फिल्मों ने ही बढ़ाई है। महाराष्ट्र के सिनेमाघर खुलने के पहले रिलीज हुई दो हॉलीवुड फिल्मों ‘शानची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ और ‘फ्री गाय’ ने भारत में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

वहीं, इस दौरान रिलीज हुई भारतीय फिल्मों ‘बेलबॉटम’, ‘चेहरे’ और ‘थलाइवी’ का हाल खराब रहा। डिज्नी की फिल्म ‘शानची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ ने भारत में अक्षय कुमार की फिल्म ‘बेलबॉटम’ को भी कारोबार के मामले में पीछे छोड़ दिया। अब कमाई की ये कसर अक्षय़ कुमार फिल्म ‘सूर्यवंशी’ से पूरी करने की कोशिश करेंगे।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के राज्य में 22 अक्तूबर से सिनेमाघर खोलने के एलान के तुरंत बाद अक्षय कुमार ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘तमाम परिवार उद्धव ठाकरे का शुक्रिया अदा कर रहे होंगे।

मैं महाराष्ट्र में 22 अक्तूबर से सिनेमाघर खोले जाने का फैसला करने के लिए उनका आभारी हूं। अब किसी के रोके ना रुकेगी, आ रही है पुलिस।’ फिल्म के सहनिर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी ने भी अपनी ‘सूर्यवंशी’ को दिवाली पर रिलीज किए जाने की पुष्टि कर दी है। पुलिस यूनीवर्स की रोहित शेट्टी की ये चौथी फिल्म होगी।

इससे पहले वह अजय देवगन को लेकर  ‘सिंघम’ और ‘सिंघम रिटर्न्स’ तथा रणवीर सिंह को लेकर ‘सिम्बा’ बना चुके हैं। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में अक्षय कुमार के अलावा  अजय देवगन और रणवीर सिंह भी दिखेंगे।

डिज्नी एमसीयू की ये नई फिल्म ‘इटर्नल्स’ 5 नवंबर को भारत में अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज करने जा रही है। फिल्म के वितरण को लेकर सारी तैयारियां पहले से ही चल रही हैं और अब इसी के साथ ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज भी तय हो जाने से सिनेमाघरों में इस दिवाली खासी रौनक रहने वाली है।

भारत में मार्वेल की फिल्मों ने पहले भी खूब कमाई की है और अब थानोस के समय के किस्से उनकी इस फिल्म से आगे बढ़ने वाले हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post अमेर स्वदेश लौटे पीएम मोदी, स्वागत के लिए जेपी नड्डा मौजूद
Next post रिश्तेदार बन छिपे थे गैंगस्टर, भाई-बहन गिरफ्तार