खैरागढ़ पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशोदा वर्मा होंगी प्रत्याशी

खैरागढ़ पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशोदा वर्मा होंगी प्रत्याशी

कांग्रेस ने खैरागढ़ उप चुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। उप चुनाव के लिए यशोदा वर्मा कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी। वर्मा राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व सदस्य और खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष हैं। यशोदा का चुनाव 24 दावेदारों में से किया गया है। अब पार्टी उनके नामांकन की तैयारी कर रही है।

कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में 24 दावेदारों के नाम सामने आए थे। उनमें से एक-एक नाम पर चर्चा हुई। उसके बाद अधिक गंभीर और जिताऊ दिखने वाले 7 नाम छांटकर अलग किए गए। उनमें पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, यशोदा वर्मा, दशमत जंघेल, ममता पाल और पदम कोठारी का नाम शामिल था। इन सात नामों को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया था।

मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने यशोदा वर्मा को प्रत्याशी बनाने का पत्र जारी किया है। पार्टी सूत्रों ने चुनाव समिति की बैठक के समय ही यह साफ कर दिया था कि पार्टी इस उप चुनाव में कांग्रेस किसी महिला उम्मीदवार को उतार सकती है। जिन सात लोगों के पैनल को सबसे गंभीर दावेदार बताया जा रहा है, उनमें भी तीन नाम महिलाओं के थे। इस चुनाव में संगठन अगले साल होने जा रहे आम चुनावों के लिए भी रणनीतिक पहल करेगी।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उप चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशियों को अपने नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे।

पिछली बार जकांछ के कब्जे में थी सीट

2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा की कोमल जंघेल को केवल 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है। 2013 में कांग्रेस के गिरवर जंघेल यहां से विधायक थे। 2007 के उप-चुनाव और 2008 के आम चुनाव में भाजपा के कोमल जंघेल ने यह सीट जीती। इससे पहले कांग्रेस के देवव्रत सिंह यहां से विधायक हुआ करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post घर या ऑफिस में रखें गाय की मूर्ति, धन-समृद्धि की भी होगी बढ़ोतरी
Next post प्रतिबंधित कंपनी को 2.61 करोड़ का भुगतान