आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि 500 और 2,000 रुपये के नोट बंद कर दिए जाने चाहिए; केवल 100 और 200 रुपये के नोट ही चलन में रहने चाहिए. उनका ऐसा कहना है कि बड़े मूल्य के नोटों का चलन कम करने से भ्रष्ट गतिविधियों के लिए भारी मात्रा में कैश का इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाएगा.



आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार (9 नवंबर) को एक बार फिर 500 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की मांग की. उनका तर्क है कि नकद लेन-देन को छोटी कीमत वाले नोटों तक सीमित करने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नायडू ने कहा कि उन्होंने पहले भी डिजिटल करेंसी पर तैयार एक रिपोर्ट में यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रखा था और वे इस बदलाव की मांग आगे भी उठाते रहेंगे.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के हवाले से उन्होंने कहा, ‘मैं इस मुद्दे पर लगातार अपनी बात रखता रहूंगा. 500, 1,000 और 2,000 रुपये के नोट बंद कर दिए जाने चाहिए. केवल 100 और 200 रुपये के नोट ही चलन में रहने चाहिए.’
