अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इस समारोह को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। शादी में घुड़सवारी जैसी प्रतियोगिता की जा रही है। इसके अलावा 150 तरह के पकवान बनवाए जाएंगे।



मोकामा सीट से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का विवाह इन दिनों चर्चा में है। शिवांगी की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव लदमा में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं, ऐसे में इस शादी को भव्य बनाने के लिए देश-दुनिया से कारीगरों को बुलाया जा रहा है।
दरअसल, 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य समारोह के लिए 10 बीघा जमीन पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसे उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कारीगर बना रहे हैं। वहीं जयमाला के लिए जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर 30 फीट ऊंचा भव्य मंच सजाया जाएगा, जिसके लिए विशेष रूप से चीन और बेंगलुरु से ताजे फूल मंगाए जा रहे हैं। शादी में आने वाले करीब 4 लाख अतिथियों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की गई है, जिसमें नालंदा का मशहूर 52 परतों वाला सिलाव खाजा और काजू कतली समेत विभिन्न राज्यों के पकवान शामिल रहेंगे।
समारोह के मुख्य आकर्षणों में 12 बीघे के मैदान में आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी शामिल है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के घुड़सवार हिस्सा लेंगे। 25 नवंबर को दोपहर 2 से 4 बजे तक प्रस्तावित इस प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी पुरस्कार में दी जाएगी।
बता दें कि, शिवांगी का विवाह बिहटा (कृष्णा नगर) निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के पुत्र ऋषिकेश कुमार (अंकित) से हो रहा है, जो अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए कर पिछले 11 वर्षों से वहीं कार्यरत हैं। अनंत सिंह द्वारा अपने दामाद को लग्जरी गाड़ी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट किए जाने की चर्चा है।
