डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के खरखरा जलाशय किनारे ग्राम घोरदा स्थित बैना रिसॉर्ट में लकड़ी के अवैध कारोबार और वर्कशॉप संचालन की सूचना पर वन विभाग ने दबिश दी।




डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के खरखरा जलाशय किनारे ग्राम घोरदा स्थित बैना रिसॉर्ट में लकड़ी के अवैध कारोबार और वर्कशॉप संचालन की सूचना पर बुधवार को वन विभाग ने दबिश दी। जांच के दौरान रिसॉर्ट परिसर में बड़ी मात्रा में बीजा सहित मिश्रित प्रजाति का चिरान, दरवाजे, चौखट, बेड, पल्ले और अन्य फर्नीचर मिला।
वन विभाग के अनुसार परिसर में लकड़ी से फर्नीचर तैयार करने का काम भी चल रहा था। कार्रवाई के दौरान लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
टीम ने अचानक पहुंचकर परिसर की जांच की
वन विभाग को रिसॉर्ट में लंबे समय से लकड़ी के उपयोग और गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। बुधवार को टीम ने अचानक पहुंचकर परिसर की जांच की। अधिकारियों के अनुसार संचालक द्वारा बाहर से लकड़ी लाकर परिसर में ही वर्कशॉप तैयार की गई थी। यहां दरवाजे, बेड, पल्ले, चौखट और अन्य फर्नीचर तैयार किए जा रहे थे।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में बीजा और चिरान मिला है। सूर्यास्त होने के कारण बुधवार को मौके पर मौजूद लकड़ी और तैयार सामग्री की पूरी गणना नहीं हो सकी। इसके चलते वन विभाग के एक कर्मचारी को रात में मौके पर तैनात किया गया है।
गुरुवार को वनमंडल स्तरीय उड़नदस्ता टीम की मौजूदगी में रिसोर्ट परिसर में रखे संपूर्ण काष्ठ, चिरान, निर्मित व निर्माणाधीन चौखट, दरवाजे और अन्य लकड़ी की सामग्री की विस्तृत गणना की जाएगी।
