
दुर्ग/9 सितंबर। नगर पालिक निगम। पटरीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित सूर्य नगर गली नंबर-3 के रहवासियों को लंबे समय से चली आ रही उबड़-खाबड़ कच्ची सड़क की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। यहां 10 लाख रुपये की लागत से सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण कराया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य का आज महापौर अलका बाघमार के मार्गदर्शन में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर द्वारा वार्ड पार्षद खिलावन मटियारा, पटरीपार मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, सहायक अभियंता सुरेश केवलानी, उप अभियंता पंकज साहू, सविता वर्मा सहित निगम अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासियों की उपस्थिति में विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया।





स्थानीय नागरिकों की मांग पर शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य
सूर्य नगर गली नंबर-3 की कच्ची एवं उबड़-खाबड़ सड़क के कारण बारिश सहित सामान्य दिनों में भी स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों द्वारा सड़क निर्माण की मांग लगातार रखी जा रही थी। नागरिकों की समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा 10 लाख रुपये की लागत से सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य नगर गली नंबर-3 में सड़क निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वार्ड के नागरिकों एवं पार्षद ने सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर महापौर अलका बाघमार एवं लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर का आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जाहिर की। स्थानीय रहवासियों ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।जन संपर्क/राजू बक्शी
