गुढ़ियारी पड़ाव स्थित शिव-हनुमान मंदिर परिसर में भगवान हनुमान, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपित को हेमंत अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से प्रतिमाएं तोड़ने में इस्तेमाल छैनी और हथौड़ा भी बरामद किया है।





पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की सुबह शिव-हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई थी। विश्व हिंदू परिषद गुढ़ियारी प्रखंड के अध्यक्ष प्रवीण लांजेवार ने मामले की शिकायत गुढ़ियारी थाने में दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमानजी की प्रतिमा, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले और उसकी पहचान हेमंत अग्रवाल (42), निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई।
सोचता था भगवान साथ नहीं दे रहे
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपित मंदिर के आसपास ही रहता है। पुलिस के मुताबिक, वह बेरोजगार है और घर से आते-जाते समय मंदिर को देखकर उसके मन में यह विचार आता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह इसी तरह बेरोजगार रहेगा। इसी वजह से उसके मन में भगवान के प्रति चिढ़ पैदा हो गई थी।
