रक्षाबंधन के दिन दुर्ग यातायात पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए आत्मघाती कदम उठाने के इरादे से खारून नदी के पास पहुंची 45 वर्षीय महिला की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों ने महिला से भाई की तरह आत्मीयता के साथ बातचीत की और उसे ऐसा कदम उठाने से रोकने में सफलता पाई। बाद में महिला को सुरक्षित उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।





पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार 28 अगस्त को हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि रायपुर के कबीर नगर निवासी एक 45 वर्षीय महिला किसी कारणवश आत्महत्या की मंशा से खारून नदी के पास पहुंची है।
पुलिसकर्मियों ने महिला को केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हुए नहीं, बल्कि एक भाई की तरह समझाया और उसे जीवन के महत्व के बारे में बताया। लगातार बातचीत, धैर्य और संवेदनशील व्यवहार के बाद महिला आत्मघाती कदम उठाने का विचार छोड़कर सुरक्षित स्थान पर आ गई। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला के पति को घटना की जानकारी दी और उन्हें मौके पर बुलाया। आवश्यक समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित रूप से उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।
