प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत सबसे पहले दुर्ग-भिलाई से होगी। इसके बाद बिलासपुर और रायपुर में सेवा शुरू करने की योजना है। हालांकि, रायपुर शहर को अभी लगभग एक साल तक इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि यहां ई-बस संचालन के लिए जरूरी डिपो और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण अभी पूरा नहीं हो सका है।





अधिकारियों का दावा है कि दुर्ग-भिलाई में बसों के संचालन के लिए एजेंसी तय करने के साथ बुनियादी सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। तीन माह के भीतर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे पहले दिसंबर 2025 तक बसें शुरू करने का दावा किया गया था, जो अब तक हवा में है।
सितंबर 2024 में योजना के तहत चार प्रमुख शहरों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली थी। इसमें रायपुर को सबसे अधिक 100, बिलासपुर को 50, दुर्ग-भिलाई को 50 और कोरबा को 40 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं।
डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक किसी शहर में ई-बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। वहीं, पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के इंदौर सहित कई शहरों में इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर संचालित हो रही हैं।
बसों के संचालन के लिए चार्जिंग डिपो, विद्युत कनेक्शन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। ई-बस सेवा शुरू होने से शहरों में प्रदूषण कम करने, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने और डीजल पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। फिलहाल, प्रदेश के अधिकांश शहरों में यात्री पुरानी सिटी बसों और निजी वाहनों पर निर्भर हैं।
