‘मन्नत’ के बाहर उमड़ा फैंस का हुजूम, किंग खान ने भी दिया सरप्राइज

मुंबई: एक्टर शाहरुख खान का जन्मदिन उनके फैंस के लिए काफी बड़ा मौका है। किंग ऑफ रोमांस 2 नवंबर, 2022 को अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं।

इस खास दिन पर देश और दुनिया से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके लिए बर्थडे विशेज की बौछार आई हुई है। मगर कुछ ऐसे भी खुशनसीब फैंस हैं, जिन्हें बादशाह खान को रात 12 बजे सामने से बर्थडे विश करने का मौका मिला।

जी हां, बीती रात 12 बजे शाहरुख खान के घर ‘मन्नत’ के बाहर फैंस का हुजूम देखने को मिला, जो उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर कई वीडियोज वायरल हो रहे हैं, जिनमें अभिनेता अपने घर की बाउंड्री पर खड़े हो फैंस का प्यार, विशेज और अभिवादन स्वीकारते नजर आ रहे हैं।

शाहरुख फैंस की ओर हाथ हिलाते हैं और नमस्ते करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने फ्लाइंग किस देते हुए अपना सिग्नेचर पोज भी किया, जिसमें वो अपनी बांहें खोले नजर आ रहे हैं। एक्टर का ये अंदाज देख फैंस खुशी से पागल हो उठे और उनका नाम पुकारने लगे।

इसके अलावा एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें उनके नन्हें लाडले अबराम (Shah Rukh & AbRam greets Fans) भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में अबराम भी पिता शाहरुख के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसके बाद किंग खान अबराम को भी जनता का अभिवादन स्वीकरने और उन्हें प्यार देने के लिए कहते हैं। जिसके बाद छोटे से अबराम स्टैंड पर चढ़कर जनता की ओर हाथ हिलाते हैं और मुस्कुराते भी हैं। ये सबकुछ आधी रात को हो रहा था, जब शाहरुख का जन्मदिन शुरू हो गया था।

एक्टर ने फैंस के साथ दो मिनट से अधिक समय बिताया। इस दौरान कई लोगों के हाथ में मिठाई, टी-शर्ट और शाहरुख के बड़े-बड़े पोस्टर्स भी देखने को मिले। सोशल मीडिया पर ये वीडियोज छाए हुए हैं। कमेंट बॉक्स में भी नेटिजेंस ने शाहरुख को जन्मदिन की बधाई दी और उनपर प्यार लुटाया।

शाहरुख अगली बार निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म पठान में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम के साथ दिखाई देंगे। यह फिल्म 25 जनवरी, 2023 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post झुग्गीवासियों को सौंपी,फ्लैट की चाबी, पीएम मोदी
Next post डिप्टी एसपी से बन गए दरोगा, घूसखोरी के आरोप में