टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर से सावन माह में पूरे महीने रामायण पाठ करने के बाद घर लौट रहे त्रिभुवन तिवारी पर अज्ञात व्यक्ति ने गैंती से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने पीछे से आकर उन्हें “भाग ब्राह्मण… भाग” कहते हुए गाली-गलौज की और गैती से उनकी दाहिनी जांघ के पास वार कर दिया। हमले में त्रिभुवन तिवारी को चोट आई है। घटना के बाद उन्होंने रविवार दोपहर टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि त्रिभुवन तिवारी सावन माह में पूरे एक महीने तक संजय नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में रामायण पाठ करते हैं। रविवार को श्रावणी रामायण पाठ की पूर्णता थी। पाठ पूरा होने के बाद वह सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच मंदिर से अपने घर के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति उनके पास आया और कथित तौर पर “भाग ब्राह्मण… भाग” कहते हुए उन पर गैंती से हमला कर दिया।





एफआईआर में त्रिभुवन तिवारी ने पुलिस को बताया है कि आरोपित ने पहले उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा और गाली-गलौज की। इसके बाद कंधे पर रखी गैंती से उनकी दाहिनी जांघ के पास वार कर चोट पहुंचाई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखा-सुना। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने स्वजन और राधाकृष्ण मंदिर के संचालक सुभाष तिवारी को भी दी।
हमलावर को देखकर पहचानने का दावा
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति अज्ञात है, लेकिन वह उसे दोबारा सामने आने पर देखकर पहचान सकता है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ और आरोपित की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज किया गया है। एफआईआर छह सितंबर को दोपहर 1:45 बजे दर्ज हुई।
