भिलाई उद्योग चेम्बर के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता भारत सरकार एवं उद्योग जगत के सहयोग से यूनाइटेड किंगडम के लंदन में आयोजित उच्चस्तरीय बिजनेस डेलिगेशन में शामिल होने के लिए 23 जून को लंदन जाएंगे। इस डेलिगेशन प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत सरकार के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कर रहे हैं। इस बैठक में उद्योग, व्यापार तथा निवेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच व्यापारिक एवं औद्योगिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श होगा। श्री गुप्ता वैश्विक मंच पर भिलाई एवं छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, संभावनाओं तथा यहां के उद्योग जगत की विशेषताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे। भिलाई उद्योग चेम्बर ने विश्वास व्यक्त किया है कि जितेंद्र गुप्ता की यह यात्रा न केवल भिलाई बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।






