शुक्रवार को भिलाई नगर निगम की वर्तमान शहर सरकार की अंतिम सामान्य सभा बैठक शोर शराबे और हंगामे की भेंट चढ़ गई। लाए गए सारे प्रस्ताव बिना चर्चा के बहुमत के आधार पर पारित हो गए। सामान्य सभा की शुरुआत में सदन ने सांसद विजय बघेल का स्वागत किया। बैठक शुरू होते ही सांसद ने कहा कि किसी विषय को लेकर मत भेद हो सकते हैं, लेकिन मन भेद नहीं होना चाहिए। जनता के हितों के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। राजनीति से ऊपर उठकर सर्वहित में निर्णय लेने चाहिए। सांसद विजय बघेल ने मजाकिया अंदाज में पार्षदों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ पार्षद लगातार भागवत कथाओं का आयोजन कराते हैं। बाकी पार्षदों को भी उनसे सीख लेकर भागवत कथा करानी चाहिए। उनके जाने के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। सबसे पहले सफाई के मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछली बार जिस सफाई के लिए निगम ने 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि खर्च की, इस बार यह राशि 40 करोड़ तक कैसे हो गई। इसका जवाब नहीं दिया गया। इसके अलावा उन्होंने प्रियदर्शनी परिसर पहुंच मार्ग के लिए 5.25 करोड़ रुपए की कार्ययोजना पर होने वाले कामों की जानकारी चाही। उन्होंने कहा कि एक पहुंच मार्ग और इलेक्ट्रिफिकेशन के लिए इतनी अधिक राशि कैसे खर्च की जा रही है। इस प्रस्ताव को तैयार करने व अन्य तकनीकी जानकारी चाही गई। बैठक में वार्ड-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल ने आईआईटी की वजह से पं. दीनदयाल कॉलोनी, आनंद नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव का मुद्दा उठाया। बार-बार कहने के बाद भी जब उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने टेबल पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया। वे सभापति गिरवर बंटी साहू की आसंदी तक पहुंच गए। इस दौरान बीजेपी समर्थित पार्षदों ने नारेबाजी भी की। इसके बाद हंगामे को देखते हुए सारे प्रस्ताव को पढ़कर बहुमत के आधार पर पारित कर दिया। बैठक में महापौर नीरज पाल, आयुक्त सुरुचि सिंह, एमआईसी मेंबर सहित पार्षद मौजूद थे।



पार्षदों ने पिछले दिनों जोन-5 के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में लगी आग के बारे में भी जानकारी चाही। पार्षदों ने पूछा कि कौन-कौनकर दस्तावेज जले, क्या कुछ कार्रवाई निगम के तरफ से की गई। क्या किसी प्रकार की जांच टीम गठित की गई, लेकिन अधिकारियों ने सही जानकारी नहीं दी। विरोध में विपक्ष के पार्षद जमीन पर बैठ गए। हंगामा बढ़ने पर सभी पार्षद अपनी कुर्सियां छोड़कर सामने आ गए। इसके चलते सभा की कार्यवाही रोकनी पड़ी। विवाद और हंगामे के बीच राष्ट्रगान गाकर सभा स्थगित कर दी गई। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने महापौर नीरज पाल पर 400 करोड़ रुपए से ज्यादा के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। भिलाई में बन रहे खेल परिसर में अनियमितता का मुद्दा विपक्षी पार्षद पीयूष मिश्रा ने उठाया। उन्होंने स्वीमिंग पूल को गलत दिशा में बनाने का आरोप लगाया। सामान्य सभा शुरू होने से पहले राष्ट्रगान गाया गया। इस पर एमआईसी मेंबर ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान सभा समाप्त होने से पहले होना चाहिए, शुरुआत में नहीं।
करीब सवा घंटे चली सामान्य सभा को लेकर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि पार्षदों को अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं दिया गया। पिछले वर्ष सफाई व्यवस्था पर 50 करोड़ 28 लाख खर्च किए गए, जबकि इस वर्ष बिना निविदा प्रक्रिया के सफाई कार्य संचालित होने के बीच अब 40 करोड़ का प्रस्ताव सामने रखा गया है। पिछले वर्ष के 50 करोड़ 28 लाख और इस वर्ष के 40 करोड़ के बीच खर्च में इतना अंतर क्यों, यदि दो वर्षों के आंकड़ों में 20 करोड़ 56 लाख का अंतर है, तो इस राशि का हिसाब कहां है। यह राशि कहां खर्च हुई और किन मदों में भुगतान किया गया। बिना पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के सफाई कार्य किस आधार पर संचालित हो रहा है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि जब पार्षद इन गंभीर सवालों का जवाब मांग रहे थे, तब महापौर द्वारा सभापति को संकेत देकर सभी प्रस्ताव पारित करा दिए गए। न पर्याप्त चर्चा, न सवालों का जवाब और न ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बात सुनने का अवसर दिया गया|
बैठक में 5.25 करोड़ के प्रियदर्शनी परिसर पहुंच मार्ग के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा अन्य प्रस्तावों में जल रक्षा और जल प्रदूषण से बचाव के उपाय को लेकर आईआईटी से अनुबंध, 111 रिक्त भूखंडों की निविदा, वार्डों की सफाई के लिए जेम पोर्टल के माध्यम से प्लेसमेंट में कामगार उपलब्ध कराने, 2.72 एमएलडी के फिल्टर प्लांट में संपवेल, पंपहाउस, इलेक्ट्रिक और मेकैनिक कार्य, भिलाईनगर रेलवे स्टेशन से नेहरूनगर अंडर ब्रिज तक सर्विस लेन निर्माण, सेमरिया में ऑक्सीजन सोलर प्लांट, वार्ड-69 और 70 में सीवरेज लाइन, एसएलआरएम सेंटर में काम करने वाली स्वच्छता दीदियों को मानदेय, वार्ड-33 में सार्वजनिक गार्डन का नाम रानी दुर्गावती गार्डन करने, वैशालीनगर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने, आचार्य विद्यासागर के नाम पर कीर्ति स्तंभ स्थापित करने, एसीसी चौक से पावर हाउस चौक तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर मंजूरी दी गई।

