भिलाईनगर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर आज नगर पालिक निगम भिलाई में संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा एवं उसकी रक्षा करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के सम्मान एवं उसकी रक्षा की शपथ ली।
इस दौरान आयुक्त ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। हम सभी भारतीय एक हैं और हमें अपने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करते हुए उसकी रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान की गरिमा बनाए रखे तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। संविधान दिवस के इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, तहसीलदार डीकेश्वर साहू, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, येशा लहरे, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



