होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से घिरे दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बरखा का मोबाइल फोन जब्त किया है।



शुरुआती जांच में मोबाइल की फोटो गैलरी और चैट में पूर्व मंत्री, आइएएस और डीएसपी से जुड़ी बातचीत के स्क्रीनशाट मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, बिलासपुर पुलिस की हिरासत में मौजूद दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाकर पूछताछ करने की तैयारी है।बरखा की गिरफ्तारी तेलीबांधा थाने में दर्ज उस मामले में हुई है, जिसमें आर्ट आफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने दीपक टंडन, उनकी पत्नी बरखा और अन्य लोगों पर होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने, ताला तोड़कर अंदर घुसने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आठ धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
एफआइआर के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हाल संचालन के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में होटल बेलाकासा श्री का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए अवधि बढ़ाई गई। अंतिम लीज अवधि सात अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।
