स्वच्छ हिमालयी शहर श्रेणी में रुद्रपुर नगर निगम प्रथम स्थान पर रहा.जिस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मेयर को सम्मानित किया.



सर्वेक्षण 2025-26 में रुद्रपुर नगर निगम ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया
मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान हासिल किया. इस उपलब्धि को नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है. खास बात ये है कि पिछली बार राष्ट्रीय स्तर पर 467वीं रैंक हासिल करने वाला रुद्रपुर इस बार हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर पहुंच गया है.
स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करते हुए इतिहास रचा है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान मिला है. इस उपलब्धि के साथ रुद्रपुर ने न केवल शहर का गौरव बढ़ाया है, बल्कि उत्तराखंड को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है.
रुद्रपुर को मिली यह उपलब्धि नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में किए गए सुधारों और लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है. स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के आधार पर नहीं किया जाता. बल्कि, कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण और नागरिकों की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण मानकों को भी परखा जाता है.
इसके अलावा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक क्षेत्रों और प्रमुख स्थानों की स्वच्छता व्यवस्था का भी आकलन किया जाता है. सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति आम लोगों की जागरूकता को भी सर्वेक्षण में विशेष महत्व दिया जाता है. नगर निगम की ओर से किए गए कार्यों के दस्तावेजीकरण और जमीनी स्तर पर उनके सत्यापन के आधार पर भी शहर की रैंकिंग निर्धारित होती है.
