अर्धकुंभ में अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां संभालेंगी मोर्चा, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी



अर्धकुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां तैनात की जाएंगी। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।
खास बात यह है कि जनवरी तक अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियां उपलब्ध हो जाएंगी, जबकि शेष कंपनियां चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी। स्थानीय पुलिस और पीएसी के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती से मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिलेगी।
अर्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों में पहुंचने का अनुमान है। खासकर प्रमुख स्नान पर्वों पर हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर भारी भीड़ उमड़ती है। इसके अलावा मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भी श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ता है।
ऐसे में इतने बड़े आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था संभालना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर 100 कंपनियों की मंजूरी दे दी है। अब इनकी उपलब्धता चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है। जनवरी तक 50 कंपनियां मिलने से अर्धकुंभ की तैयारियों के शुरुआती और महत्वपूर्ण चरण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शेष कंपनियों की उपलब्धता भी निर्धारित योजना के अनुसार कराई जाएगी।
अर्धकुंभ में सबसे बड़ी चुनौती प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से गंगा घाटों तक पहुंचाने और स्नान के बाद सुरक्षित बाहर निकालने की होगी। हरकी पैड़ी समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव नियंत्रित करने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त तैनाती की जाएगी।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और प्रवेश मार्गों पर भी सुरक्षा बल मुस्तैद रहेंगे। इन कंपनियों को जरूरत और संवेदनशीलता के हिसाब से अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जा सकेगा। इससे भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। पुलिस, पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था संचालित करने की योजना है।
