लखीसराय में री-नीट परीक्षा के दौरान पकड़े गए सॉल्वर गैंग की जांच में झारखंड कनेक्शन सामने आया है। जैक बोर्ड की 12वीं स्टेट टॉपर पूनम और पलामू की चंचल कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।






बिहार के लखीसराय से नीट यूजी पुनर्परीक्षा 2026 में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे छात्रों समेत फर्जी परीक्षार्थियों, मूल अभ्यर्थियों, सहयोगियों और बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों को गिरफ्तार किया है। जांच में फर्जी आधार कार्ड, डमी कैंडिडेट और परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिलाने के संगठित नेटवर्क की बात सामने आई है। पुलिस अब इस गिरोह के तार कई राज्यों तक खंगाल रही है।
सॉल्वर गैंग में झारखंड की दो मेधावी छात्राएं भी शामिल हैं। इनमें जैक बोर्ड 12वीं की स्टेट टॉपर रहीं पूनम कुमारी और पलामू की चंचल कुमारी भी शामिल हैं। पूनम मधुप्रिया की जगह और चंचल नंदनी राज की जगह परीक्षा दे रहीं थीं।
लखीसरायएसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि 21 जून को आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान लखीसराय जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से बड़े पैमाने पर परीक्षा फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर केंद्राधीक्षकों, फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त जांच शुरू की। जांच के दौरान केंद्रीय विद्यालय, केआरके उच्च विद्यालय और उच्च विद्यालय हसनपुर सहित विभिन्न केंद्रों से संदिग्ध नौ अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और दस्तावेज सत्यापन में खुलासा हुआ कि कई अभ्यर्थी वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठकर परीक्षा दे रहे थे।
