



मां बम्लेश्वरी मंदिर में दान व्यवस्था को लेकर एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद गहराता जा रहा है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में मंदिर के पुजारी गगन तिवारी श्रद्धालु द्वारा चढ़ाई गई दान राशि को निर्धारित दान पेटी में डालने के बजाय सीधे अपने हाथ में लेते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक-दो दिन पुराना है, जिसने श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर की ट्रस्ट समिति ने सख्त रुख अपनाया है। मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति ने संबंधित पुजारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। ट्रस्ट समिति का कहना है कि मंदिर में दान की पारदर्शिता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई है। पुजारी और उनके परिजनों को भी बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित पुजारी को मंदिर सेवा से हटाने के साथ-साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं में नाराजगी
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। अब सभी की नजर ट्रस्ट समिति की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि दोषी के खिलाफ कितनी सख्ती बरती जाती है।
