निसंतान महिलाओं को बच्चा पैदा होने का झांसा देकर ठगी करने वाले गैंग का राजफाश, दाे गिरफ्तार

आरा। भोजपुर पुलिस ने नि:संतान महिला को बच्चा पैदा होने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरजिला गैंग का राजफाश किया है। साथ ही गैंग से जुड़े दाे सदस्यों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामला गजराजगंज ओपी क्षेत्र से जुड़ा है। सदर एएसपी परिचय कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना के महराजगंज निवासी हरेन्द्र नट की पत्नी सुनीता देवी एवं भोजपुर के शाहपुर थाना के रानीसागर गांव निवासी वसीम हुसैन काे गिरफ्तार किया गया है।

ठगी किए गए जेवरातों में से सोने का एक जोड़ा झुमका, सोने का एक जोड़ी बाली, सोने का दो मंगलसूत्र, सोने का दो मंगटिका, मोती गढ़ा माला, दो नई साड़ी एवं दो पुरानी साड़ी के अलावा दो हजार रुपये नकद बरामद किया गया है। दो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

दोनों के विरुद्ध दोनों जिलों में पूर्व के आपराधिक कांडों की खोज की जा रही है। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को गजराजगंज ओपी के कारीसाथ गांव निवासी परमात्मा सिंह की पत्नी सुमन देवी अपने घर में गोतनी के साथ अकेली थी।

इस दौरान एक अनजान महिल घर में प्रवेश करते ही बोली कि परमात्मा सिंह का घर यहीं है। इसके बाद उपरोक्त अनजान महिला ने कहा कि शादी के सात साल बाद भी बच्चा नहीं हो रहा है, उसी को लेकर वह देखने आई है।

अनजान महिला ने सुमन देवी एवं गोतनी को यह कहकर झांसा दिया कि शादी में मिले सोने के जेवरात पर किसी ने भभूत डालकर जादू-टोना कर दिया है, इसलिए दाेनों को बच्चा पैदा नहीं हो रहा है।

इसके बाद ठग महिला ने पीड़िता से शादी में मिले सारे आभूषण, दो नई साड़ी एवं दो बदन पर पहनी हुई पुरानी साड़ी मांगी और कहा कि शीतला माता के पास चढ़ाकर ला देंगे तो दोनों को लड़का पैदा हो जाएगा। इतना ही नहीं पीड़िता के पति को नौकरी लगने का भी झांसा दिया गया।

इस दौरान ठग महिला ने अपने आंचल से लौंग निकालकर पीड़ित महिला एवं गोतनी को खिला दी। लौंग खाते ही दोनों दोनों का मन बदल गया और झांसा में आकर सोने के जेवरात व साड़ी समेत सारा सामान दे दिया। बाद में परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी होने पर ठगी का एहसास हुआ।

वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए ठगों तक पहुंची टीम

इसके बाद गजराजगंज (उदवंतनगर) थाना में प्राथमिकी कराई गई। प्राथमिकी के बाद गिरफ्तारी को लेकर गजराजगंज ओपी प्रभारी हरी प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए शाहपुर ब्लाक के पास स्थित एक घर से सुनीता देवी को ठगी के सारे सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

बाद में महिला की निशानदेही पर उसके सहयाेगी रानीसागर गांव निवासी वसीम कुरैशी को भी धर दबोचा गया। ओपी प्रभारी ने बताया कि दोनों गोतनी नि:संतान है। इसलिए झांसा देकर ठगी कर ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post मदरसे में पहुंची पुलिस, अंदर का नजारा देख उड़े होश, अब चलेगा योगी सरकार का बुलडोजर?
Next post ”लिखकर दे दूंगी तो चली जाओगी जेल”, नाराज तहसीलदार मैडम का फूटा बच्चियों पर गुस्सा