अल्मोड़ा में बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 36 की मौत!

देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद में बड़ा हादसा पेश आया है। यहां सोमवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार करीब 36 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 19 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कईयों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 55 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। हादसे में घायल हुए लोगों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि यह बस नैनी डांडा से रामनगर जा रही थी। इसी दौरान बस सारड बैंड के पास नदी में जा गिरी।

वहीं, हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि जनपद अल्मोड़ा के मार्चुला में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन तथा एसडीआरएफ की टीमें घायलों को निकालकर उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने हेतु तेजी से कार्य कर रही हैं। सीएम धामी ने मृतक परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post Live In Relationship : बिना शादी साथ रहने वालों के लिए सरकार ला रही नया कानून!
Next post रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा, आलोक शुक्ला और पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा के खिलाफ ईओडब्ल्यू में केस दर्ज