नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी रुझानों में बुरी तरह हारती दिख रही है। भाजपा ने दिल्ली में 27 साल का सूखा लगभग खत्म कर दिया है। भाजपा 47 सीटों पर आगे चल रही है। आप 23 सीटों पर सिमटती दिख रही है। आप के कई दिग्गजों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। हम आपको उन नेताओं के चुनाव परिणाम के बारे में बताने वाले हैं, जो शराब घोटाले में जेल जा चुके हैं….





सबसे पहली बात आप संयोजक केजरीवाल की…
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जांच एजेंसियों ने शराब घोटाले का किंग पिन बताया था। वह अभी इस मामले में जमानत पर बाहर हैं। उनको दिल्ली चुनाव में भाजपा के प्रवेश वर्मा ने 3 हजार वोटों से हरा दिया है। अब भाजपा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनका फिर से जेल जाना तय हो गया है।
आपके नंबर 2 मनीष सिसोदिया चुनाव हारे
दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शराब घोटाले में जेल में बंद थे। जमानत पर बाहर आने के बाद पार्टी ने उनको पड़पड़गंज से हटाकर जंगपुरा में उतारा, लेकिन यह पैतरा भी काम नहीं आया। उनको तरविंदर सिंह माड़वाह ने 572 वोटों से चुनाव हरा दिया है।
सत्येंद्र जैन कर रहे हार का सामना
दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को भी हार मिल रही है। उनका मुकाबला भाजपा के करनैल सिंह से है। वह अभी 20 हजार 998 वोटों से पीछे चल रहे हैं। सत्येंद्र जैन को एजेंसियों ने मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जेल में डाला था।
ओखला से आप के उम्मीदवार अमानतुल्ला खान अपनी सीट बचा रहे हैं। वह 19954 वोटों से आगे चल रहे हैं। वह शुरुआती रुझानों में पीछे थे, लेकिन फिर उन्होंने भाजपा के मनीष चौधरी को काफी पीछे छोड़ दिया। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन के शिफा उर रहमान खान दूसरे नंबर हैं। उनको 27844 वोट मिले हैं।
