समुद्रतल से लगभग 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं को अब पगडंडी पर नहीं चलना पड़ेगा। इसके लिए पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट पर दोनों तरफ से पवित्र गुफा के लिए ट्रैक को 12 फीट तक चौड़ा किया गया है।






आगामी तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के लिए सीमा सड़क संगठन को आगामी 25 जून तक दोनों ट्रैक को पूरी तरह से तैयार करने को कहा गया है। इसमें कमजोर स्थानों पर क्रैश बैरियर और हैंड रेलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ 20 जून तक यात्रा कैंप और केंद्रों की स्थापना कर दी जाएगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को लोकभवन श्रीनगर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए प्रदेश में केंद्रीय अर्धसैन्यबलों की 670 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती की जा रही है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 12 जून को नई दिल्ली में बैठक में यात्रा की सुरक्षा का जायजा लेंगे।
