-महापौर की पहल पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने निगम की बड़ी कार्रवाई, सभी वार्डों की बंद एवं खराब लाइटों का होगा नियमित सुधार,



-शहर के हर वार्ड के कोने-कोने तक पहुंचेगी रोशनी, 1.30 करोड़ की लागत से सुधरेगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था,
नगर पालिक निगम दुर्ग शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को व्यवस्थित, सुचारू एवं बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।महापौर अलका बाघमार के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शहर में स्थापित स्ट्रीट लाइटों के संचालन, संधारण, देखरेख एवं रखरखाव हेतु नई एजेंसी मेसर्स वाई.आर.सिंह को कार्यादेश जारी किया जा रहा है। निगम की इस पहल से शहर के सभी वार्डों, प्रमुख मार्गों, मोहल्लों एवं अंतिम छोर तक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है।नगर निगम द्वारा शहर के सभी 60 वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे शहर की हर गली, मोहल्ले और प्रमुख मार्गों पर रोशनी सुनिश्चित होगी।
*निविदा प्रक्रिया से पहली बार नई एजेंसी का चयन, खराब लाइटों का होगा त्वरित सुधार*
नई एजेंसी द्वारा नगर निगम क्षेत्र में स्थापित विद्युत पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों, सायंकालीन टाइमर व्यवस्था तथा विभिन्न वार्डों में खराब एवं बंद पड़ी लाइटों का नियमित संधारण एवं सुधार कार्य किया जाएगा। इससे स्ट्रीट लाइट बंद होने की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होगा और शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनी रहेगी।उल्लेखनीय है कि पूर्व में ईएसएल (ESL) द्वारा स्ट्रीट लाइट संधारण का कार्य किया जा रहा था, जिसकी कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बाद पहली बार निगम प्रशासन द्वारा विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाकर नई एजेंसी का चयन किया गया है। नई व्यवस्था के तहत नियमित निगरानी, खराब लाइटों की शीघ्र मरम्मत तथा बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।जानकारी के मुताबिक लगभग 13 कर्मचारियों की टीम शहर के सभी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य करेगी। इसके अलावा, जिन चौक-चौराहों एवं स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और अंधेरा बना रहता है, वहां आवश्यकता अनुसार नए ट्यूबलर पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि शहर के हर क्षेत्र में सुचारू एवं पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो सके।
*महापौर ने कहा शहर के हर वार्ड और अंतिम छोर तक रोशनी पहुंचाना प्राथमिकता*
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्ट्रीट लाइट केवल शहर की सुंदरता ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन से भी जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों और अंतिम छोर तक रोशनी पहुंचाने के लिए निगम लगातार काम कर रहा है। नई एजेंसी के माध्यम से खराब एवं बंद पड़ी लाइटों को समय पर दुरुस्त किया जाएगा और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के संधारण में लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि दुर्ग शहर का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में न रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।जन संपर्क/राजू बक्शी
