श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।





पुलिस के अनुसार बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ बिक्री से मिली नकदी भी जब्त की है। बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
शुष्क दिवस पर शराब बिक्री की मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसी बीच मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर एक, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर ग्राहकों को बेची जा रही है।
पुलिस को पूर्व में भी बार से संबंधित शिकायतें मिली थीं। मुखबिर से मिली ताजा सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी।
रात 10:30 बजे संचालक को पकड़ा
निगरानी के दौरान पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे बार से शराब निकालकर बेचने की गतिविधि पकड़ी। मौके पर बार संचालक पलाश मल्होत्रा, निवासी आदर्श स्कूल के पीछे, देवेंद्र नगर, रायपुर को शराब बेचते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की। इसकी कीमत 1150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2300 रुपये नकद भी मिले। इस तरह बरामद शराब और नकदी की कुल कीमत 3450 रुपये बताई गई है।
