




पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा में पारिवारिक रंजिश के चलते दो सालियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपित जितेंद्र वर्मा का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घटना के तीन दिन बाद सामने आए फुटेज में आरोपित वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद पिस्टल लेकर मेडिकल स्टोर के भीतर घुसता दिखाई दे रहा है।
फुटेज में आरोपित मेडिकल स्टोर संचालक पर पिस्टल तानकर उसे दुकान के अंदर दौड़ाते नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपित भागने के लिए वाहन तलाश रहा था और इसी दौरान उसकी नजर मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े स्कूटर पर पड़ी। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद मेडिकल स्टोर संचालक ने अब तक थाने में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपित जितेंद्र वर्मा ने अपनी साली गीतांजली वर्मा और दुर्गेश्वरी वर्मा को गोली मारने के बाद तेजी से सीढ़ियों से नीचे उतरकर भागने की कोशिश की। घटना स्थल से सटे दुर्गा मेडिकल के बाहर एक स्कूटर खड़ा था। बताया जा रहा है कि स्कूटर देखकर आरोपित सीधे पिस्टल लेकर मेडिकल स्टोर के भीतर घुस गया। उस समय दुकान में संचालक सहित कर्मचारी मौजूद थे। आरोपित ने दुकान में प्रवेश करते ही पिस्टल लहरानी शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
पिस्टल तानकर धमकाया
सीसीटीवी फुटेज में आरोपित मेडिकल स्टोर संचालक को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक जितेंद्र वर्मा स्कूटर की चाबी मांग रहा था ताकि वह मौके से भाग सके। जब संचालक ने विरोध किया तो आरोपित ने उस पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए दुकान के भीतर दौड़ाने लगा। यह दृश्य देखकर दुकान में काम करने वाले कर्मचारी डर गए और जान बचाने के लिए बाहर भाग निकले। कर्मचारियों के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपित के हाथ में पिस्टल देखकर कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
घटना के बाद इलाके में यह चर्चा भी रही कि आरोपित ने मेडिकल स्टोर के पास लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की थी। सूत्रों का दावा है कि पुलिस को मौके के आसपास से कारतूस के खाली खोखे भी मिले हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर खाली खोखे मिलने या फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
