




महाकोशल सुगर मिल बचई परिसर में स्थित इथेनॉल प्लांट में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है, जब प्लांट में अचानक हड़कंप मच गया।
प्लांट में लगा विशालकाय डीडीएस टैंक अचानक नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में नीचे काम कर रहे दो मजदूर आ गए। हादसे में खापा शेढ़ निवासी जगदीश पिता लेखराम यादव (32) और सिलवानी निवासी पवन पिता पुरुषोत्तम ठाकुर (30) गंभीर रूप से दब गए थे।
प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक जगदीश के चचेरे भाई कमलेश ने बताया कि इथेनॉल प्लांट में विगत एक सप्ताह से मशीन में तकनीकी समस्या बनी हुई थी, जिसके चलते बार-बार सुधार कार्य किया जा रहा था। घटना के समय भी मशीन पर काम चल रहा था।
कमलेश के अनुसार, जगदीश ने महज तीन माह पूर्व ही प्लांट में काम शुरू किया था और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं
मंगलवार सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। घटना के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन हुआ या नहीं, यह जांच का प्रमुख विषय बन गया है।
