पाकिस्तान से हुई थी नवजोत सिद्धू को मंत्रिमंडल में लेने की सिफारिश

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू पर बड़ा आरोप लगाया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उनसे अनुरोध किया था कि यदि आप नवजोत सिद्धू को अपने मंत्रिमंडल में ले सकते हैं तो मैं आभारी रहूंगा।

वह मेरे पुराने मित्र हैं। अगर वह काम नहीं करेंगे तो आप उन्हें हटा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ये संदेश एक साझा जानकार के जरिए भेजा गया था।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति दावा करता हो कि वह हर दिन एक घंटा सुबह और एक घंटा शाम ईश्वर से सीधे बातें करता है, वह दिमागी तौर पर संतुलित कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सिद्धू पाकिस्तान जाकर वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान और जनरल बाजवा के साथ चाहे जितनी भी झप्पियां डालें, लेकिन उससे शांति नहीं लाई जा सकती।

न ही देश के लोग ही इस बात को स्वीकार कर पाएंगे, जबकि हमारे सैनिक आए दिन मारे जा रहे हों। उन्होंने कहा कि यदि ताजा आंकड़े ही लिए जाएं तो पता चलता है कि 2017 से अब तक अकेले पंजाब के रहने वाले 83 फौजियों की मौतें पाकिस्तानी फायरिंग में हुई हैं।

कैप्टन का कहना है कि असल पंजाब मॉडल वो है जो प्रदेश के भविष्य के लिए अच्छा है। सिद्धू और चन्नी द्वारा प्रचारित पंजाब मॉडल को सिरे से नकारते हुए उन्होंने कहा कि ये दोनों तो पंजाब के विषय में सोच भी नहीं सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post जामुल नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने संभाली कुर्सी
Next post नाटो ने रूस सीमा पर तैनात किए फाइटर जेट-युद्धपोत