महिला अधिकारी से अवैध अहाता चलाने वालों ने दी जान से मारने की धमकी

भिलाई। उरला दारू भट्ठी के पास संचालित एक अवैध अहाता पर कार्रवाई करने पहुंची सहायक जिला आबकारी अधिकारी से अहाता संचालक व उसके परिवार वालों ने विवाद किया। आरोपितों ने कहा कि वे अपने खेत में अहाता चला रहे हैं। यदि किसी ने उस पर रोक लगाने की कोशिश की तो वे कार्रवाई करने वालों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला देंगे। घटना की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय सेवक से मारमीट, गाली गलौज और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि सहायक जिला आबकारी अधिकारी निर्मला ठाकुर शनिवार को अपनी टीम के साथ उरला

दारू भट्ठी की ओर गश्त के लिए गई थी। वहां जाकर देखने पर पता चला कि लल्लन सिंह नाम का व्यक्ति दारू भट्ठी के पास अवैध रूप से अहाता संचालित कर रहा है। जबकि पूर्व में भी इसकी शिकायत मिलने पर अहाता संचालक को समझाइश दी गई थी। इसके बाद भी वहां पर अहाता का संचालन किया जा रहा था।

महिला अधिकारी ने समझाइश देते हुए अहाता बंद करने के लिए कहा

मौके पर अहाता संचालक लल्लन सिंह का बेटा मिला, जिसे सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने दोबारा समझाइश देते हुए अहाता बंद करने के लिए कहा। इसके बाद वो दारू दुकान का स्टाक चेक करने के लिए चली गई। लल्लन सिंह के बेटे ने अपने पिता को फोन कर मौके पर बुला लिया।

इसके बाद लल्लन सिंह और उसके बेटे ने दारू भट्ठी में घुसकर सहायक आबकारी अधिकारी निर्मला ठाकुर से गाली गलौज करते हुए धमकाना शुरू कर दिया। आरोपितों ने कहा कि वे लोग अपने खेत में अहाता चला रहे हैं।इसलिए उन्हें कोई नहीं रोक सकता। आरोपितों ने यह भी धमकी दी कि किसी ने भी कार्रवाई करने के लिए उनकी जमीन पर कदम रखा तो वे उन्हें जिंदा जला देंगे।

कार्रवाई करने गई अधिकारी से आरोपितों ने की मारपीट

जांच के लिए साथ में गए कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपितों ने उनसे मारपीट भी की। इसके बाद सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने मोहन नगर थाना में जाकर घटना की शिकायत की। जिसके आधार पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सोने की तस्करी करते पकड़ी गई अफगानी डिप्लोमैट ; दुबई से मुंबई लाई 25KG सोना
Next post ‘हार्ट अटैक के पहले से होती थी थकावट’, श्रेयस तलपड़े ने कोविड वैक्सीन पर उठाए सवाल, बोले- ‘पता नहीं शरीर में क्या…’